मुंबई
बाजार लगातार 4 दिन की तेजी के बाद आज शुक्रवार को कमजोरी के साथ बंद हुए। दिनभर सपाट कारोबार करने के बाद आखिरी घंटे में हल्की मुनाफा वसूली देखने को मिली। सेंसेक्स 215 अंक गिरकर 54,277.72 पर और निफ्टी 56 अंक फिसलकर 16,238 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 13 शेयर्स तेजी और 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। जिनमें इंडसइंड बैंक के शेयर 2.79% तेजी के साथ 1026 पर बंद हुए। वहीं रिलायंस के शेयर 2% से ज्यादा की गिरावट के साथ 2090 पर बंद हुए।
बाजार को ऑटो और IT शेयर्स का सपोर्ट मिला
NSE पर ऑटो इंडेक्स 0.24% की तेजी के साथ 10,249 पर बंद हुआ। इंडेक्स में अमारा राजा बैटरीज के शेयर 1.91% तेजी के साथ 731 रुपए पर बंद हुए। IT इंडेक्स 0.30% की बढ़त के साथ 31,211 पर बंद हुआ। इंडेक्स में टेक महिंद्रा के शेयर 1.59% की तेजी के साथ 1268 रुपए पर बंद हुए।
BSE पर 3,329 शेयर्स में कारोबार हुआ
BSE पर 3,329 शेयर्स में कारोबार हुआ। इसमें 1,827 शेयर्स में बढ़त और 1,388 शेयर्स में गिरावट रही। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी 239.47 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। BSE पर 291 कंपनियों के शेयर 52 हफ्ते के हाई पर बंद हुए। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 123 अंकों की तेजी के साथ 54,492.84 पर बंद हुआ था। निफ्टी 35 अंक बढ़त के साथ 16,294 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में टॉप गेनर और लूजर शेयर्स का हाल
BEML का घाटा घटा, आय 15% बढ़ी
भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने फाइनेंशियल ईयर 2021-22 की जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल से जून के दौरान सालाना आधार पर कंपनी का घाटा 134 करोड़ रुपए से घटकर 94 करोड़ रुपए रह गया है। वहीं रेवेन्यू में 15% की बढ़ोतरी हुई है। जून तिमाही में रेवेन्यू 390 करोड़ रुपए से बढ़कर 451 करोड़ रुपए हो गया है।
एल्केम लैब का मुनाफा 10.9% बढ़ा
एल्केम लैब ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल से जून के दौरान कंपनी का मुनाफा 10.9% बढ़कर 468 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान तिमाही में 422 करोड़ रुपए था। कंपनी की आय सालाना आधार पर 37% बढ़कर 2731 करोड़ रुपए हो गई है, जो पिछली जून तिमही में 1992 करोड़ रुपए थी।
लोकसभा में टैक्सेशन लॉ अमेंडमेंट बिल पास हुआ।
फ्यूचर-रिलायंस रिटेल डील मामले में मुकेश अंबानी को झटका
मुकेश अंबानी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने फ्यूचर-रिलायंस रिटेल डील मामले में अमेजन के पक्ष में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने रिलायंस-फ्यूचर रिटेल डील पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रिलायंस, फ्यूचर ग्रुप की रिटेल संपत्ति खरीदने के सौदे पर आगे नहीं बढ़ सकता है।
ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं
RBI ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। RBI गवर्नर शक्तिकांता दास ने कहा कि रेपो रेट 4% और रिवर्स रेपो रेट 3.35% पर बरकरार रहेगी। MPC के 6 में से 5 सदस्य ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने के पक्ष में रहे। RBI ने फाइनेंशियल ईयर 2021-22 के लिए GDP ग्रोथ अनुमान 9.5% पर बरकरार रखा है। रिटेल महंगाई दर 5.7% रहने का अनुमान जताया है।
4% के प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ ग्लेनमार्क लाइफ साइंस
ग्लेनमार्क लाइफ साइंस के शेयर की BSE और NSE पर लिस्टिंग हो गई। कंपनी का शेयर NSE पर 4% के प्रीमियम के साथ 750 रुपए पर लिस्ट हुआ और BSE पर 751.10 रुपए पर लिस्ट हुआ। इश्यू प्राइस 695-720 रुपये प्रति शेयर था। IPO 27 जुलाई से 29 जुलाई तक खुला था।
दुनियाभर के बाजार का हाल
एशिया के शेयर बाजारों के हाल
एशिया के शेयर बाजारों की बात करें तो जापान का निक्केई 0.33% की बढ़त के साथ 27,820 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.24% की कमजोरी के साथ 3,458 पर बंद हुआ। हांगकांग का हैंगसेंग 0.11% की गिरावट के साथ 26,175 पर कारोबार कर रहा है। कोरिया का कोस्पी 0.18% की गिरावट के साथ 3,270 पर बंद हुआ। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरी 0.35% की बढ़त के साथ 7,806 पर बंद हुआ।
अमेरिकी शेयर बाजार
इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 0.78% की तेजी के साथ 35,064 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 0.78% की बढ़त के साथ 14,895 पर और S&P 500 0.60% की तेजी के साथ 4,429 पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत और घरेलू संस्थागत निवेश
गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बाजार में नेट रूप से 719 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने नेट रूप से 731 करोड़ के शेयर की खरीदे।