Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

श्रीगंगानगर में बनेगा मिनी सचिवालय

श्रीगंगानगर

प्रदेश में पहली बार लाए गए कृषि बजट से श्रीगंगानगर जिले के किसानों को कई तरह की उम्मीदें बंधी हैं। सीएम के पहली बार पेश किए गए कृषि बजट में कई अलग-अलग कृषि मिशन की घोषणा की गई। इससे इलाके के किसानों को लाभ की उम्मीद है।

सूक्ष्म सिंचाई मिशन के तहत चार लाख किसानों को 17.05 करोड़ के अनुदान की घोषणा से इलाके में खुशी की लहर है। श्रीगंगानगर जिले के किसानों को ड्रिप इरिगेशन पर अनुदान की उम्मीद थी। ​​राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन पर सरकार ने 2700 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा की है। इससे पांच लाख किसानों को लाभ मिलेगा।

लघु और सीमांत किसानों को फ्री बीज

बजट में लघु और सीमांत किसानों को फ्री बीज उपलब्ध करवाने की घोषणा का भी किसानों ने स्वागत किया है। बीज उत्पादन एवं वितरण मिशन के तहत लघु और सीमांत किसानों को फ्री बीज उपलब्ध करवाने की बात कही गई है। इससे करीब पचास हजार किसानों को लाभ होगा।

ऑर्गेनिक फार्मिंग मिशन पर छह सौ करोड़ का प्रावधान

इलाके में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने इस साल के कृषि बजट में ऑर्गेनिक फार्मिंग मिशन में छह सौ करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे जैविक बीज और उर्वरक आदि किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी के साथ राजस्थान प्रोटेक्टिव कल्टीवेशन मिशन के तहत किसानों को ग्रीन हाउस के लिए अनुदान की घोषणा की गई है। इसी तरह हॉर्टिकल्चर डवलपमेंट मिशन में बागवानी में अनुदान से इलाके के किन्नू उत्पादों को लाभ मिलने की संभावना है। इसके साथ ही किसानों को सोलर पंप के लिए अनुदान का भी किसानों ने स्वागत किया है। श्रीगंगानगर में मिनी सचिवालय की घोषणा का भी शहर के लोगों ने स्वागत किया है।

श्रीगंगानगर के लिए ये बड़ी घोषणाएं
-240 बैड का नया अस्पताल प्रस्तावित।
-श्रीकरणपुर में सीएचसी की स्थापना।
-सादुलशहर का सीएचसी होगा उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत।
-स्टेट एथलेटिक्स एकेडमी के लिए भवन निर्माण।
-घड़साना में अल्प संख्यक बालक-बालिका रेजिडेंसियल स्कूल की स्थापना।
-घड़साना में अल्पसंख्यक बालक-बालिका छात्रावास भवन निर्माण।
– बीकानेर से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ से पदमपुर और श्रीगंगानगर से हिंदुमलकोट सड़क मरम्मत एवं सुधार।
-श्रीगंगानगर में ड्रेनेज, सड़क, स्ट्रीट लाइट और उद्यान विकास के लिए प्रावधान।
-श्रीगंगानगर में पारिवारिक न्यायालय की स्थापना।
-श्रीबिजयनगर के सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय को वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में क्रमोन्नत करना।
-श्रीगंगानगर में मिनी सचिवालय के लिए डीपीआर।
-श्रीगंगानगर में मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहन के लिए शहद परीक्षण प्रयोगशाला।
-गंगनहर प्रणाली के एक लाख बीस हजार हैक्टेयर सिचित क्षेत्र में एक हजार एक सौ तिरेपन करोड़ की लागत से नहरी मोघों में पानी वितरण और नियंत्रण के लिए ऑटोमेशन कार्य।
-फिरोजपुर फीडर की मरम्मत पर दो सौ करोड़ रुपए खर्च।