Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

श्रीडूंगरगढ़ में दो ट्रोलों की भिड़ंत

बीकानेर

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार सुबह कोहरे के कारण दो ट्रोले आमने-सामने भिड़ गए। हादसे में एक युवक गंभीर घायल हो गया, जिसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है। घायल चूरू के मालासी गांव का रहने वाला है जो ट्रोले में लिफ्ट लेकर श्रीडूंगरगढ़ की तरफ आ रहा था, हादसे में ट्रक ड्राइवर व खलासी तो बच गए लेकिन इस युवक को गंभीर चोट आई।

पुलिस के अनुसार चूरू के मालासी में रहने वाला महेंद्र सिंह राजपूत गांव से निकला ही था कि उसे ट्रोला आता दिखाई दिया। उसने लिफ्ट मांगी और श्रीडूंगरगढ़ की ओर चल दिया। बीच में कोहरे के कारण कम विजिबिलिटी होने से ये ट्रोला सामने से आ रहे एक ट्रोले से भिड़ गया। इस दौरान महेंद्र सिंह के सिर व हाथ में चोट आई। उसे जैसे-तैसे दूसरे वाहन से बीकानेर के लिए रेफर किया गया। जहां ट्रोमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है।

बीकानेर में पिछले तीन दिन से सुबह लगाताार कोहरा छा रहा है। विजिबिलिटी कम होने के बावजूद हाइवे पर वाहन बहुत तेज गति से चल रहे हैं। रविवार सुबह हादसे में भिड़े ट्रक में एक बीकानेर से जयपुर की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा रतनगढ़ से बीकानेर की ओर आ रहा था।

बीकानेर की ओर जाने वाले बजरी से भरे ट्रोले और रतनगढ़ की ओर जा रहे खाली ट्रोले में सुबह-सुबह जोरदार टक्कर हुई। जिससे ट्रोले में भरी बजरी सड़क पर बिखर गई। दोनों ट्रोलों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंचे एएसआई ईश्वरसिंह ने क्रेन से ट्रोले को हटवाया और यातायात सुचारू करवाया। काफी देर तक हाइवे पर जाम लगा रहा।