श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी अन्वेषिका आज से
by seemasandesh
विज्ञान प्रदर्शनी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार के प्रति प्रेरित करना : डॉ. श्यामवीर सिंह हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी अन्वेषिका का आयोजन 24 फरवरी से 28 फरवरी तक किया जाएगा। गुरुवार को सुबह 11 बजे प्रदर्शनी का समारोहपूर्वक उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलक्टर नथमल डिडेल, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़, भारतीय फिजिक्स टीचर्स राजस्थान संगठन चैप्टर के अध्यक्ष प्रो. योगेश कुमार विजय, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रणवीर शर्मा शिरकत करेंगे। इस प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए देशभर के छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। अन्वेषिका के मुख्य आयोजक डॉ. श्यामवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में नित नए आविष्कार हो रहे हैं। अन्वेषिका का मुख्य उद्देश्य भी छात्र-छात्राओं का विज्ञान में रूचि पैदा करना तथा नवाचार के लिए प्रेरित करना है। अन्वेषिका के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी सोच को साकार रूप देने का मौका मिलेगा तथा भविष्य में विज्ञान में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राएं अपनी सोच उजागर करने के लिए प्रेरित होंगे। साथ ही छात्र-छात्राओं को विज्ञान को नजदीक से समझने तथा विज्ञान से हमारा जीवन किस प्रकार सुगम बनाया जा सकता है, के बारे में जानने का मौका प्रदान होगा। प्रदर्शनी के आयोजक सचिव डॉ. मनीष गुप्ता ने बताया कि अन्वेषिका से विद्यार्थी और शिक्षक के मध्य एक सामंजस्य की स्थापना होगी। इससे शिक्षण कार्य और प्रभावी होगा। भविष्य में छात्र-छात्राओं को और अधिक निपुणता प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ चतुर्थ से पन्द्रहवें स्थान के कुल 15 भागीदारों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में हिस्सा लेने के लिए किसी प्रकार पंजीयन शुल्क नहीं लिया जा रहा है। छात्र-छात्राओं की टीम के रहने, खाने इत्यादि की सुविधाएं विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध करवाई जाएंगी। अन्वेषिका के सफल आयोजन के लिए डॉ. स्वाति जोशी, डॉ. विश्वजीत, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. सत्यवीर, डॉ. राधेश्याम, डॉ. श्रद्धा कपूर, सीमा अरोड़ा, रवि, ईशु, मुकेश कुमार, भुवनेश कुमार तैयारियों में जुटे हैं।