हनुमानगढ़ को नर्सिंग कॉलेज व मिनी फूड पार्क की सौगात
by seemasandesh
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में पेश किया राज्य बजट, प्रदेश के इतिहास में पहली बार अलग से कृषि बजट पेश हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को विधानसभा में राज्य बजट पेश किया। साथ ही प्रदेश के इतिहास में पहली बार अलग से कृषि बजट पेश किया। बजट में हनुमानगढ़ जिले को भी कुछ बड़ी सौगातें मिली। इनमें हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर नर्सिंग महाविद्यालय खोलने, पल्लू उपतहसील को तहसील में क्रमोन्नत करने, संगरिया में एंटी नारकोटिक्स चौकी की स्थापना, फेफाना पुलिस चौकी को थाना में क्रमोन्नत करने व नोहर में 33 हजार जीएसएस मंजूर करने की घोषणा शामिल है। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर पूर्व में स्वीकृत हुए व वर्तमान में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए 315 बेड क्षमता के राजकीय चिकित्सालय के लिए 105 करोड़ रुपए की घोषणा की गई। नोहर तहसील के गांव मेघाना के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा मुख्यमंत्री की ओर से की गई। जिले की तीन प्रमुख सड़कों की मरम्मत करवाने की घोषणा की गई। इनमें तलवाड़ा-हनुमानगढ़ सड़क (हनुमानगढ़/संगरिया), नोहर-फेफाना सड़क (नोहर) तथा फतेहपुर से चूरू, तारानगर, साहवा,नोहर-थालड़का, मुण्डा, हनुमानगढ़ से श्रीगंगानगर सड़क (नोहर, संगरिया, हनुमानगढ़) शामिल है। इन सड़कों की मरम्मत का कार्य 64 करोड़ रुपए की लागत से होगा। आमजन की सुविधा बढ़ाने, यातायात दबाव कम करने, सुनियोजित विकास एवं सौंदर्यकरण के तहत हनुमानगढ़ में टाउन हॉल का निर्माण करवाया जाएगा। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल कनेक्शन देने के लिए परियोजना की डीपीआर बनाने की घोषणा की गई। हनुमानगढ़ जिले में आपणी योजना एवं सरदारशहर संवर्धन पेयजल परियोजना के तहत कार्य होगा। नोहर तहसील के गांव कुलचासर में 33 केवी का जीएसएस स्थापित करने की घोषणा की गई। संगरिया तहसील के गांव मालारामपुरा में एंटी नारकोटिक्स चौकी बनाई जाएगी। नोहर तहसील के गांव फेफाना स्थित पुलिस चौकी को थाना में क्रमोन्नत किया जाएगा। टिब्बी की सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय को वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में क्रमोन्नत किया जाएगा। पल्लू उप तहसील को तहसील में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई। टिब्बी को नगर पालिका बनाया जाएगा। इसी प्रकार कृषि बजट में मुख्यमंत्री की ओर से हनुमानगढ़ जिले में भादरा, नोहर के अलावा चूरू जिले के तारानगर के कुल 30 बारानी गांवों के लिए सिद्धमुख नहर व साहवा लिफ्ट कैनाल से सिंचित कर नहरी क्षेत्र में परिवर्तित करने के लिए टेक्नीकल असेसमेंट, सर्वे एवं व्यवहार्यता के लिए विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय कमेटी बनाए जाने की घोषणा की गई। हनुमानगढ़ में मिनी फूड पार्क बनाया जाएगा। कृषि क्षेत्र में अनुसंधान के साथ-साथ प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास की आवश्यकता के मद्देनजर नोहर व भादरा तहसील के गांव जोगीवाला में कृषि महाविद्यालय खोले जाएंगे।