दौसा
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट का बुधवार को अलवर के दानपुर गांव जाते वक्त दौसा जिले में कई जगहों पर स्वागत किया गया। इनमें बड़ी तादाद में पायलट समर्थक मौजूद रहे। पायलट जिला मुख्यालय पर जीरोता गांव में रुके। उन्होंने लवाण पंचायत समिति के कांग्रेस प्रत्याशी बीना बैरवा के चुनाव ऑफिस का उद्घाटन किया। यहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पायलट ने कहा कि हम अपने अधिकारों की मांग करने के लिए हर प्रकार का संघर्ष करने और आवाज उठाने के लिए जागरूक हैं और आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।
पायलट ने कहा कि प्रदेश के 6 जिलों में जिला परिषद व पंचायत समिति के चुनाव हो रहे हैं। चुनाव में बहुत से लोग दावेदारी करते हैं, लेकिन पार्टी सिर्फ एक ही व्यक्ति को सिंबल दे सकती है। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को जिताना होगा।

समर्थकों का अभिवादन करते सचिन पायलट।
मुरारीलाल जागरूक विधायक
दौसा विधायक की तारीफ करते हुए पायलट ने कहा कि मुरारीलाल मीणा बहुत जागरूक विधायक हैं। मेरा आज अलवर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन इन्होंने सुबह ही कार्यक्रम तय करके मुझे बता दिया था। मैं आप सबको बताना चाहता हूं कि दौसा आने के लिए तो मैं बहाने ढूंढता हूं। ऐसे में आप सभी को पिछले कार्यकाल की तरह इस बार भी जिले में प्रधान व जिला प्रमुख कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकता का संदेश देकर प्रत्याशियों को जीत दिलाएं।

बांदीकुई में सचिन पायलट का स्वागत करने उमड़ी समर्थकों की भीड़।
दौसा का संदेश पूरे देश में जाता है
सचिन पायलट ने कहा कि पंचायत राज चुनाव बहुत महत्वपूर्ण होते हैं और दौसा जिले का संदेश पूरे राजस्थान और देश में जाता है। ऐसे में यहां से कांग्रेस पार्टी की मजबूती व एकजुटता का संदेश जाना चाहिए। मुझे विश्वास है कि पिछले 40 सालों में जिस प्रकार दौसा जिले के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया है, वो हमेशा बना रहेगा।
पायलट का अलवर जाते वक्त सिकंदरा चौराहा, गूलर चौराहा, व बांदीकुई बायपास पर स्वागत किया गया। विधायक मुरारी लाल मीणा व जीआर खटाना के नेतृत्व में बड़ी तादाद में पायलट समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान पायलट ने पंचायत राज चुनाव के प्रत्याशियों को जीत दिलाने का आह्वान किया।