उदयपुर
राजस्थान में वल्लभगढ़ विधानसभा उपचुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही उठापटक तेज हो गई है। दिवंगत विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के निधन के बाद उनकी पत्नी को सचिन पायलट कैंप का माना जा रहा था। हाल ही में प्रीति शक्तावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की है। इसके बाद प्रीति के गहलोत कैंप में शामिल होने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सचिन पायलट से चर्चा करते हुए गजेंद्र सिंह शक्तावत। (फाइल फोटो)
प्रीति शक्तावत के पति गजेंद्र सिंह शक्तावत पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के काफी करीबी थे। मानेसर की बाड़ेबंदी हो या फिर अशोक गहलोत के खिलाफ बयानबाजी। गजेंद्र सिंह हर मोर्चे पर सचिन पायलट के साथ नजर आए थे। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि प्रीति शक्तावत भी सचिन पायलट खेमे में रहेंगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हुई मुलाकात के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है।
प्रीति ने पेश की सफाई
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हुई मुलाकात पर प्रीति शक्तावत ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वल्लभनगर विधानसभा में फिलहाल कोई विधायक नहीं है। ऐसे में राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाते मैंने अशोक गहलोत जी से मुलाकात की थी। इसमें सिर्फ वल्लभनगर क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की। ताकि दिवंगत गजेंद्र सिंह के अधूरे सपनों को पूरा किया जा सके। प्रीति ने कहा कि मेरे लिए कांग्रेस पार्टी के सभी नेता सम्माननीय हैं। कांग्रेस मेरा परिवार है और मैं कांग्रेस पार्टी की बहू हूं। फिलहाल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास ही वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी है। ऐसे में आम नागरिक की तरह मैं भी उनसे मुलाकात करने गई थी।
वल्लभनगर में कांग्रेस पार्टी के प्रमुख दावेदार।
कई दावेदार
वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में शक्तावत परिवार के साथ ही अब अन्य नेता भी टिकट की दौड़ में शामिल हो गए हैं। इनमें दिवंगत विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत की पत्नी प्रीति शक्तावत, गजेंद्र सिंह के बड़े भाई देवेंद्र सिंह शक्तावत, कांग्रेसी नेता भीम सिंह चुंडावत समेत कुबेर सिंह चावड़ा का नाम शामिल है। ऐसे में चुनावी तारीख के ऐलान से पहले प्रीति शक्तावत की मुख्यमंत्री गहलोत से मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।