सतीपुरा ओवरब्रिज बनाने वाली ठेका कंपनी पर 20 लाख की पैनल्टी
by seemasandesh
अगस्त 22 तक पूरा होना कार्य, निर्माण कार्य की धीमी गति के चलते लगाई पैनल्टी
नर्सिंग होम और कोचिंग सेंटर्स ने पार्किंग नहीं बनाई तो 15 दिन बाद रोड पर खड़े वाहन करें सीज : डीसी
जिला कलक्टर ने ली बिजली, पानी, मौसमी बीमारियों समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बिजली, पानी, मौसमी बीमारियों समेत सभी विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल में अगर योजना के अंतर्गत पैकेज बुक नहीं किए तो संबंधित डॉक्टर इसके लिए जिम्मेदार होंगे। जिला कलक्टर ने इसको लेकर एक महीने का समय देते हुए कहा कि सभी डॉक्टर्स को ट्रेनिंग देने के बाद अगर पैकेज का पैसा आरएमआरएस में नहीं आया तो संबंधित डॉक्टर की तनख्वाह से आरएमआरएस में पैसे जमा करवाया जाएगा। जिला कलक्टर ने कहा कि सरकार की ये अति महत्वाकांक्षी योजना है इसमें किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरतें। जिला कलक्टर ने बताया कि जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला का जिले में 5 से 7 अक्टूबर तक आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। लिहाजा प्रशासन शहरों के संग अभियान के अंतर्गत अधिकतम पट्टों के वितरण की तैयारी नगर परिषद कर लें। जिला कलक्टर ने कहा कि नर्सिंग होम, प्राइवेट अस्पतालों, कोचिंग सेंटर्स को खुद की पार्किंग बनाने के निर्देश दिए गए थे। 15 दिन बाद अगर नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर्स के बाहर सड़कों पर वाहन खड़े मिले तो उन्हें ट्रैफिक पुलिस की ओर से सीज करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि वह नगर परिषद क्षेत्र में जितने भी कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। उनका रजिट्रेशन चेक करवाएं। साथ ही कोचिंग सेंटर खोलने को लेकर उनका उद्देश्य, बच्चों की संख्या, फायर फाइटिंग सिस्टम, बाहर निकलने के लिए दो दरवाजे, टॉयलेट और पार्किंग व्यवस्था इत्यादि को लेकर पूरी जानकारी लें। एसई बोले- कंपनी छोड़ चुकी ठेका जिला कलक्टर द्वारा सतीपुरा आरओबी का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी एसई गुरनाम सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य लेट करने पर ठेका कंपनी पर 20 लाख का जुमार्ना लगाया जा चुका है। अब ठेका कंपनी को अगस्त 2022 तक कार्य पूरा करने का समय दिया गया है। भगत सिंह चौक से चूना फाटक तक करीब साढ़े 6 करोड़ से बनने वाली रोड़ को लेकर एसई ने बताया कि ठेका कंपनी काम छोड़ चुकी है। जिला कलक्टर ने शुक्रवार तक कागजी कार्यवाही पूरी कर अगले सप्ताह नए टेंडर निकालने के निर्देश दिए। पालतू पशु शहर में घुमते मिले तो दोगुना, चार गुना लगेगा जुमार्ना जिला कलक्टर ने पालतू पशुओं के शहर में घूमते मिलने पर उनके मालिकों पर जुमार्ना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पालतू जानवर दूसरी बार पकड़े जाएं तो दोगुना, चार गुना जुमार्ना लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि लोग पशुओं को दुहने के बाद आवारा छोड़ देते हैं इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था खराब होती है। लिहाजा ऐसे पशुओं के मालिकों पर भारी जुमार्ना लगाएं। साथ ही जंक्शन और टाउन के कांजी हाउस की क्षमता बढ़ाने के निर्देश नगर परिषद आयुक्त को दिए। एनएचएम के निर्माण कार्यों की क्वालिटी जांचें जिले में विभिन्न विभागों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में एनएचएम के अंतर्गत 2 से 5 करोड़ के निर्माण कार्य चल रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को इस बाबत निर्देशित किया कि पीडब्ल्यूडी की क्वालिटी कंट्रोल विंग से महीने में कम से कम एक बार इसकी क्वालिटी चैक करवाएं। साथ ही अन्य विभागों में चल रहे निर्माण कार्यों का संबंधित विभाग के अधिकारी महीने में कम से कम एक बार आवश्यक रूप से निर्माण कार्य चेक करें। टिब्बी में दुकानों के आगे अतिक्रमण हटाने के निर्देश टिब्बी में दुकानों के आगे के अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला कलक्टर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को एसडीएम के साथ मिलकर कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि वे प्रत्येक 8-10 दिन बाद कम पानी वाली फसल बोने और नहरों में उपलब्ध पानी की मात्रा इत्यादि को लेकर प्रेस नोट के जरिए जानकारी देने के निर्देश दिए। वन विभाग की जमीन पर नए अतिक्रमण के लिए रेंजर होंगे जिम्मेदार वन विभाग की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि वन विभाग की जमीन पर कोई नया अतिक्रमण होता है तो इसके लिए रेंजर जिम्मेदार होंगे। जंक्शन स्थित कैनाल कॉलोनी में जंगली किकर हटाकर पौधरोपण करने के निर्देश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिए। वन विभाग की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने घर-घर औषधि योजना में सीईओ और बीडीओ के जरिए योजना में प्रगति लाने को कहा। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए परिजनों को करें मोटिवेट 27 सितंबर से पहली से पांचवीं कक्षा तक के स्कूल लगने को लेकर जिला कलक्टर ने डीईओ प्रारंभिक को निर्देशित किया कि वे ब्लॉक वाइज 5वीं और 8वीं स्कूल के संस्था प्रधानों के साथ बैठक कर बच्चों के परिजनों को मोटिवेट करें कि वे बच्चों को स्कूल भेजें। साथ ही कहा कि स्कूल में बच्चों को बार-बार ये बताएं कि उनके घर में किसी ने कोरोना टीके की दोनों डोज नहीं लगवाई है तो उन्हें लगवाने के लिए कहें। पालनहार योजना के पात्रों को चिन्हित कर लाभान्वित करें जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन गांवों के संग और प्रशासन शहरों के संंग अभियान के दौरान पालनहार योजना के जिले में पात्र लोगों को चिन्हित कर लाभ दिलाएं। साथ ही समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि वे कोरोना सहायता योजना की नई गाइडलाइन के अनूरूप कोरोना से हुई मृत्यु का आकलन करते हुए परिजनों को लाभान्वित करें। जिला कलक्टर ने आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ लगातार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई जारी रखने, पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान नहरों में पानी की कमी को देखते हुए पुलिस की ओर से पानी चोरी रोकने को लेकर सिंचाई विभाग के साथ संयुक्त गश्त जारी रखने, प्रशासन गांवों व शहरों के संग अभियान के दौरान संबंधित थानाधिकारियों को शिविर में पर्याप्त संख्या में जाब्ता भेजने इत्यादि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने आयुर्वेद विभाग में चल रहे पंच कर्म और आंचल प्रसूता योजना को लेकर कहा कि दोनों ही योजनाएं जिले में अच्छी चल रही हैं। इसे जारी रखें। एमडी डेयरी को भादरा विधायक की ओर से पिछली बैठक में नकली दूध के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और डेयरी बूथ आवंटन संख्या बढ़ाने को लेकर अटकी हुई एनओसी इत्यादि के बारे में आवश्यक कार्यवाही करने, एनआरएलएम डीपीएम को उपखंड वाइज दौरे करने, महिला एवं बाल विकास में आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं, सहायिकाओं, आशा और एएनएम की प्रत्येक 15 दिन में एक बार बीसीएमओ और सीडीपीओ के जरिए सेक्टर मीटिंग लेने के निर्देश दिए। चूना फाटक पर प्राइवेट क्रेन खड़ी होने से फाटक बंद होने के दौरान होने वाली असुविधा की जानकारी मिलने पर जिला कलक्टर ने डीटीओ और ट्रैफिक पुलिस को इसे वहां से हटवा कर किसी मैदान में खड़ा करवाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने लीगल मामलों को लेकर ओआईसी को अपडेट कर जिले की प्रोग्रेस ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के क्रम में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में अधिकारी सक्रिय भागीदारी निभाएं। बैठक में जिला कलक्टर के अलावा एडीएश्नल एसपी जस्साराम बोस समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।