Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सब्जी से लदी पिकअप लूट वारदात का आरोपी दो अन्य आरोपियों सहित गिरफ्तार, तीन तलवारें बरामद

अबोहर पुलिस को भी वांछित हैं यह अपराधी
श्रीगंगानगर।
चूनावढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का जिले के हर क्षेत्र के तीन युवकों को अवैध रूप से तलवारे रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि पकड़े गए युवकों में गुरप्रीतसिंह उर्फ कालू (29) पुत्र बख्शीशसिंह निवासी सराभानगर अबोहर, मनदीपसिंह (20) पुत्र कश्मीरसिंह निवासी फाजिल्का और दिलबागसिंह (30) पुत्र गज्जनसिंह निवासी बल्लुआना अबोहर,जिला फाजिल्का (पंजाब) शामिल हैं। कल देर शाम को चूनावढ के पास ही इन तीनों युवकों को संदिग्ध हालात में तलवारों सहित गिरफ्तार किया गया। इनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इनमें दिलबागसिंह 6 अप्रैल 2021 को घमूडवाली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 62 पर गांव मांझूवास के पास रात को सब्जी से लदे एक वाहन को लूट ले जाने की वारदात में पकड़ा गया था। इस वारदात में अबोहर पंजाब क्षेत्र के तीन और युवकों हिमांशु,भारत और मुकेश को भी गिरफ्तार किया गया। दिलबाग की बाद में जमानत हो गई थी। पुलिस के अनुसार दिलबाग के साथ अब पकड़े गए मनदीपसिंह तथा गुरप्रीतसिंह भी पिकअप लूट की वारदात में शामिल थे जो कि घटना के बाद से फरार चल रहे थे। बीकानेर जिले में छतरगढ़ थाना क्षेत्र में चक 4 जीएमसी निवासी अलाबसाया और उसका साथी असगर अली 6 अप्रैल की रात को पिकअप में सब्जी लादकर मलोट (पंजाब) जा रहे थे।रात 11:30 बजे सिल्वर कलर की कार में चार-पांच बदमाशों ने पिकअप को ओवरटेक कर रोक लिया। अलाबसाया और असगर अली को मारपीट कर भगा दिया। बदमाश पिकअप लूट कर फरार हो गए। कई दिनों बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गुरप्रीत व मनदीप सिंह पकड़ में नहीं आए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिलबाग सिंह, गुरप्रीतसिंह और मनदीप सिंह पुरानी आबादी में देवनगर में किराए के मकान में रह रहे थे।यहीं पर छुपकर मनदीपसिंह तथा गुरप्रीत फरारी काट रहे थे।दिहाड़ी मजदूरी करने वाले मजदूर बने हुए थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह तीनों आरोपी अबोहर सिटी पुलिस को मारपीट की दो घटनाओं में वांछित हैं।अबोहर सिटी थाना में 6 अक्टूबर 2020 को दर्ज मुकदमा नंबर 245 और 2 फरवरी 2021 को दर्ज मुकदमा नंबर 16 में यह आरोपी फरार चल रहे थे। अबोहर और घमूडवाली थाना पुलिस इनको तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया कि चूनावढ थाना में कल रात आर्म्स एक्ट के दर्ज किए गए मुकदमों में जमानत होने पर घमूडवाली पुलिस द्वारा मनदीपसिंह और गुरप्रीतसिंह को पिकअप लूट वारदात में अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवा कर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाएगा। उधर, अबोहर सिटी पुलिस भी दिलबागसिंह को अपने यहां दर्ज प्रकरणों में जमानत होने पर प्रोडक्शन वारंट से पूछताछ के लिए लेकर जाएगी। आरोपियों को पकड़ने में चूनावढ थाना में एएसआई दीपचंद, हवलदार किशनाराम, देवेंद्र बख्शी, सिपाही प्रकाशचंद्र,विजेंद्र, बाबू जान, श्रीधर, नीरज और अंग्रेज कुमार की सक्रिय भूमिका रही। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साइबर सेल के सिपाही मंगतराम का भी अहम योगदान रहा।