Tuesday, September 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सरकारी अवकाश का पर्यावरण संरक्षण के लिए सदुपयोग

  • सरकारी कार्यालयों के पार्कांे में पौधे लगा कर रहे सार-संभाल
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला कलक्ट्रेट सहित अन्य सरकारी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी राजकीय अवकाश के दिन के चार घंटे पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर रहे हैं। इसके तहत अधिकारियों-कर्मचारियों की ओर से जिला कलक्ट्रेट सहित अन्य कार्यालयों में बने पार्कांे में लगाए गए पौधों की सार-संभाल की जा रही है। यह सब पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर क्षेत्र को हरा-भरा रखने के लिए संकल्प के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भी जिला कलक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में बने पार्कांे में पौधों की सार-संभाल की। साफ-सफाई कर पौधों को पानी दिया। इस मौके पर कलक्ट्रेट कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति सभी को सजग रहना चाहिए। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर नथमल डिडेल की ओर से भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चाहे जिला कलक्ट्रेट परिसर हो, सिंचाई विभाग का विश्राम गृह हो या पुरानी कलक्ट्रेट हो। सभी जगह से विलायती बबूल जूली फ्लोरा की कटाई की जा रही है। उनकी जगह शीशम, नीम सहित अन्य पौधे लगाए जा रहे हैं। सिविल डिफेंस की टीम व वन विभाग इस कार्य में सहयोग कर रहा है। यह कार्य करीब ढाई साल से लगातार जारी है। शनिवार व रविवार के अलावा अन्य सरकारी अवकाश के दिन कम से कम चार घंटे जिला कलक्ट्रेट परिसर सहित अन्य सरकारी कार्यालयों के पार्कांे में लगे पौधों की सार-संभाल करने के लिए दिए जाते हैं। साथ ही पेड़ों की अनावश्यक बढ़ी हुई टहनियों को काटने का काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला कलक्ट्रेट में आने वाले अधिकतर नागरिक परेशान होते हैं। वह कोई न कोई समस्या लेकर यहां आते हैं। लेकिन जब वे कलक्ट्रेट में बने पार्कांे में बैठते हैं तो यहां के वातावरण व फूलदार पौधे देखकर उन्हें सुखद अहसास होता है। उन्होंने बताया कि जिला कलक्ट्रेट में चार पार्क बने हुए हैं। इनमें अब तक करीब 1200 पौधे लगाए जा चुके हैं। इन पार्कांे के अलावा पुरानी कलक्टरी के पास भी बने पार्क को रोटेरी क्लब व सत्संग मण्डल को गोद दिया हुआ है। वहां भी लगे पौधे बड़े हो रहे हैं। आगामी कार्यांे में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पार्क में विलायती बबूल को उखाड़कर वहां पौधे लगाए जाएंगे।