सरकार कम्युनिटी रेडियो को बनाए जन संचार का माध्यम : आर्य
by seemasandesh
जन की बात, आयुक्त के साथ कार्यक्रम में कम्युनिटी रेडियो चेतना रेडियो निदेशक ने रखी बात हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। संगरिया के कम्युनिटी रेडियो चेतना रेडियो के निदेशक संजय आर्य ने कहा कि राज्य सरकार कम्युनिटी रेडियो को जन संचार का माध्यम बनाए। राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से किया जाए। आर्य ने राजस्थान के सामुदायिक रेडियो केन्द्रों की पहल के तहत जयपुर में आयोजित जन की बात, आयुक्त के साथ कार्यक्रम को संंबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विशेष योग्य जन आयोग के राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा रहे। इस मौके पर संजय आर्य ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में रेडियो की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेडियो आज भी संचार एवं जनता से संवाद का सशक्त माध्यम है। इसी मौके पर राजस्थान के विभिन्न कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के प्रतिनधि भी आॅनलाइन व आॅफलाइन रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे। इनमें कमलवाणी कम्युनिटी रेडियो से डीपीसिंह, रेडियो सेल्फी से डॉ. संजय बियानी व आरजे मौली, रेडियो मधुबन से यशवंत पाटिल, रेडियो बनस्थली से डॉ. लोकेश शर्मा, सीकर रेडियो से डॉ. अमित माथुर, जालोर रेडियो से डॉ. सौरभ शर्मा शामिल थे। इस मौके पर कम्युनिटी रेडियो केन्द्रों को डीपीआर से मान्यता प्रदान करवाने, सरकारी कार्यक्रमों की कवरेज के लिए कम्युनिटी रेडियो केन्द्रों को अनुमति प्रदान करने और सरकार की योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से जन की बात, महानायक के साथ कार्यक्रम के लिए अनुमति प्रदान करने की अनुशंसा की। कार्यक्रम में राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने रेडियो के महत्व पर प्रकाश डाला एवं कहा कि रेडियो हमारी भावनाओं से जुड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि कम्युनिटी रेडियो केन्द्रों के प्रतिनिधियों ने जो सुझाव दिए हैं, उन पर अमल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा ताकि कम्युनिटी रेडियो आम जन तक सरकार की बात पहुंचाने के अपने लक्ष्य में एक सशक्त माध्यम बन सके।