नई दिल्ली
अब तक सरकार के स्वामित्व में रही एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। एयर इंडिया की कमान अब आधिकारिक तौर पर टाटा समूह के हाथों में आ गई है। इस अधिग्रहण प्रक्रिया के बाद अब टाटा समूह एयरलाइन के ऑन-टाइम-परफॉर्मेंस में सुधार पर ध्यान केंद्रित करेगा।
क्या कुछ बदलेगा: सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया है कि एयर इंडिया के औपचारिक हैंडओवर के बाद टाटा बड़े बदलाव करेगी। यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकतम जोर दिया जाएगा कि एयर इंडिया के सभी विमान समय पर उड़ान भरें। यही नहीं, टाटा समूह ने कई अन्य बदलावों की भी योजना बनाई है। जानकारी के मुताबिक बैठने की व्यवस्था और केबिन क्रू की ड्रेस में भी बदलाव होगा। सूत्रों ने कहा कि टाटा होटल व्यवसाय में अग्रणी कंपनी है और वह एयरलाइन में भोजन की गुणवत्ता में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। एयर इंडिया के एक अधिकारी के मुताबिक, रतन टाटा का रिकॉर्डेड मैसेज एयर इंडिया के सभी विमानों में ऑन बोर्ड चलाया जाएगा।