धौलपुर
पाकिस्तानी युवक के प्यार में शादीशुदा महिला पाकिस्तान जाने के लिए तैयार हो गई। महिला घर से भागकर अमृतसर पहुंच गई, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के सामने भी महिला युवक के मिलने के लिए गिड़गिड़ाई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह शादीशुदा है और धौलपुर से आई है। पुलिस ने ससुराल वालों को घटना की जानकारी दी। ससुराल वाले अमृतसर पहुंच गए हैं। आज वे महिला को लेकर धौलपुर आएंगे। धौलपुर के सैंपऊ थाना प्रभारी परमजीत ने बताया कि महिला उनके क्षेत्र की रहने वाली है। वह 2 दिन पहले ही अपने 2 साल के बच्चे को छोड़कर घर से भाग गई थी। ससुराल वालों ने आस-पास तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इस बीच गुरुवार को अमृतसर पुलिस से महिला की जानकारी मिली। परिवार के लोग उसे लेने अमृतसर गए है। आते ही मामले की जानकारी ली जाएगी।