घटिया स्तर की निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के वार्ड संख्या 1 में जाट भवन से भाजपा जिला कार्यालय तक निर्मित सीसी सड़क में दरारें पड़ने से सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इस सड़क का निर्माण करीब तीन साल पहले नगर परिषद की ओर से दीपक कंस्ट्रक्शन कंपनी के जरिए करवाया गया था। भाजपा ने सड़क निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य करवाने वाली एजेंसी से सड़क का दोबारा निर्माण करवाने की मांग की है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती के अनुसार जाट भवन से लेकर भाजपा जिला कार्यालय तक 2019 में सीसी रोड का निर्माण करवाया गया था। इस सड़क का निर्माण करीब 47 लाख रुपए की लागत से हुआ है। लेकिन निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल होने के कारण सड़क में कई जगह दरारें पड़ गई हैं। खाती ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारी शहर में करवाए जा रहे निर्माण कार्यांे में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे जाने के दावे करते हैं लेकिन हाल ही में बनी सीसी सड़क में पड़ी दरारें इन दावों की पोल खोलती नजर आती हैं। जनता का पैसा पानी की तरह व्यर्थ बहाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क के हालात देखकर लगता है कि यह कुछ ही दिनों में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाएगी। हादसों का खतरा रहेगा। उन्होंने मांग की कि जाट भवन से भाजपा जिला कार्यालय तक सीसी रोड का निर्माण करने वाले कंपनी का या तो लाइसेंस निरस्त किया जाए। या कंपनी से दोबारा सड़क का निर्माण करवाया जाए।