बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी की पर्सनल लाइफ इन दिनों फिर चर्चा में हैं। नवाज के अपनी पत्नी आलिया से रिश्ते सुधर रहे हैं। दोनों पिछले साल तलाक की कगार पर पहुंच गए थे लेकिन अब सबकुछ काफी ठीक हो गया है।
एक इंटरव्यू में आलिया ने कहा कि वह और नवाज रिश्ते ठीक होने के बाद अपना पहला फैमिली ट्रिप प्लान कर रहे हैं। आलिया ने कहा, हम जल्द ही टिकट्स बुक करने वाले हैं। मैं नवाज और हमारे दोनों बच्चे इस ट्रिप पर जाएंगे।

पत्नी आलिया, बेटी शोरा और बेटे यानी के साथ नवाज।
कपल के बच्चे शोरा और यानी इन दिनों दुबई में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। उन्हें इंडिया में ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई करना रास नहीं आ रहा था इसलिए उनका एडमिशन दुबई में करवा दिया गया जहां वह क्लासरूम स्टडी कर पा रहे हैं।
तलाक की अर्जी लगा चुकी थीं आलिया
आलिया ने पिछले साल मई में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए नवाज पर बलात्कार और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। ये शिकायत मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। आलिया अदालत में नवाजुद्दीन से तलाक की अर्जी भी डाल चुकी थीं। इसके बाद से ही इन दोनों के बीच में खूब बयानबाजी हुई थी।
नवाजुद्दीन के भाई शमास पर भी आलिया ने कथित तौर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। शमास ने दावा किया था कि आलिया वित्तीय लाभ के लिए यह सब कर रही हैं। हालांकि एक इंटरव्यू में आलिया ने सभी आरोपों से इनकार किया था।
आलिया ने लिया यू-टर्न
पिछले दिनों एक इंटरव्यू में आलिया ने नवाज के साथ सभी मतभेद भुलाकर दोबारा उनके साथ रहने की इच्छा जताई थी। अपने बदलते रिश्ते पर बात करते हुए आलिया ने कहा था, ‘मुझे कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया था। मैं मुंबई में अपने घर पर आइसोलेट थी। ऐसे में दोनों बच्चों का ख्याल रखने में बड़ी परेशानी आ सकती थी लेकिन नवाज ने मेरा साथ दिया। नवाज उस वक्त लखनऊ में किसी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे लेकिन इसके बावजूद वह अपनी बेटी शोरा और बेटे यानी की देखभाल में जुटे रहे।’
‘वह बार-बार बच्चों की जरूरतों के बारे में जानने के लिए फोन करते रहे। इसके अलावा उन्होंने मेरी तबियत के बारे में जानने के लिए फोन किए और मेरा ख्याल रखा। उनके इस व्यवहार से मैं बहुत खुश हूं। उनका ये अंदाज मेरे दिल को छू गया है और मैं परिवार के प्रति उनका ये अंदाज देख हैरान हूं। मैं और नवाज हमारी शादीशुदा जिंदगी की परेशानियों को हल करने की पूरी कोशिश करेंगे और साथ रहने को लेकर हम दोनों के बीच बातचीत भी चल रही है।’

नवाज ने भी दिया था रिएक्शन
नवाज ने कहा, ‘मैं आमतौर पर अपनी निजी जिंदगी के बारे में कुछ कहना पसंद नहीं करता हूं और मैंने कभी किसी के बारे में कुछ उल्टा-सीधा नहीं कहा। मैं निगेटिविटी और नफरत अपने आसपास नहीं चाहता। आलिया अब भी मेरे बच्चों की मां है और हमने सालों एक-साथ गुजारे हैं। चाहे कुछ भी हो जाए मैं उसे सपोर्ट करूंगा। मेरा फर्ज बनता है कि मैं उसका और बच्चों का ख्याल रखूं। आलिया और मेरे ख्याल नहीं मिलते, हम एक-दूसरे से सहमत नहीं होते लेकिन हमारे बच्चे मेरे लिए सबसे पहले हैं।
हमारे कारण हमारे बच्चे परेशान नहीं होने चाहिए, रिश्ते बनते-बिगड़ते रहते हैं, उनका असर बच्चों पर नहीं होना चाहिए। मैं एक अच्छा पिता बनना चाहता हूं। इंसानियत ही सबकुछ है। पहले अच्छे इंसान बनो। हमने पहले बहुत कुछ झेला है। अगर महामारी आपके अंदर अच्छे बदलाव नहीं ला सकती तो कोई भी आपको बदल नहीं सकता। मैं हमेशा अपने परिवार के साथ खड़ा रहूंगा।’ नवाज और आलिया के दो बच्चे हैं। इनमें एक बेटी शोरा है और बेटे का नाम यानी है। दोनों की शादी को 10 साल बीत चुके हैं।