मुंबई
कलर्स चैनल के शो ‘ससुराल सिमर का 2’ के मौजूदा प्लॉट में सिमर और आरव का रोमांस पूरे जोर पर है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और अपनी शादी से खुश हैं। हालांकि सुमित भारद्वाज अभिनीत एक नए किरदार की एंट्री से शो की कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आने वाला है।
धारावाहिक ‘ससुराल सिमर का 2’ में सुमित एक जुनूनी म्यूजिक कम्पोजर समर खन्ना की भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं। कहानी के नए मोड़ के मुताबिक आरव जल्द ही समर को सिमर का म्यूजिक एलबम बनाने के लिए कहने वाला है। ऊंचे दर्जे के बड़े आर्टिस्ट्स के साथ काम कर चुका यह कम्पोजर सिमर की क्षमता को लेकर पूरी तरह से यकीन में नहीं है, लेकिन अपना काम करने का फैसला करता है और सिमर से मिलता है। बस इसी के बाद सिमर की जिंदगी में नई हलचल होने वाली है जो धारावाहिक के दर्शकों को हैरान कर देगी।
इस किरदार के निभाने के बारे में सुमित भारद्वाज ने कहा, “क्वारंटीन के कारण आई नीरसता के बाद मैं अपने दर्शकों और प्रशंसकों के लिये कुछ अच्छा करना चाहता था। चूंकि मुझे स्क्रीन पर वापस लौटने की बेताबी हो रही थी और मैं काम पर लौटने का इंतजार नहीं कर पा रहा था तो मैंने अपनी वापसी के लिये इस बेहतरीन शो का यह मस्ती-पसंद और उत्साह से भरा किरदार चुना। यह मुझे और मेरे हुनर को नया आयाम देगा, क्योंकि इसके साथ मैं खुद को थोड़ा और बेहतर कर पाऊंगा। समर खन्ना का किरदार बहुत रिलेटेबल है और मुझे पूरा भरोसा है कि मैं उसके साथ न्याय करूंगा।”