Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सूरतगढ़ सब जेल में 8 दिन पहले आए बंदी से मिला मोबाइल फोन

श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ में सब जेल की सुरक्षा व्यवस्था तथा चेकिंग पर एक बड़ा सवालिया निशान लग गया, जब 8 दिन पहले जेल में आए एक बंदी से तलाशी के दौरान मोबाइल फोन मिला। सूरतगढ़ सिटी थाना पुलिस के अनुसार जेल कर्मी कुलदीप जाट द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर बंदी महेश जाट निवासी सिलवानी के विरुद्ध जेल में अवैध रूप से मोबाइल फोन रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।कुलदीप जाट ने बताया कि 19 मार्च की दोपहर को संदेह होने पर जेल कर्मी महेंद्र सहारण ने महेश की तलाशी ली तो एक मोबाइल फोन मिला,जिसमें सिम कार्ड भी था। अपहरण और धोखाधड़ी के एक मामले में महेश को इस जेल में 11 मार्च को ही भेजा गया है। जेल में आने के 8 दिन बाद ही उससे मोबाइल फोन बरामद हो गया। इससे जेल की सुरक्षा और चेकिंग सिस्टम पर बड़ा सवालिया निशान भी लग गया है। पुलिस ने कहा कि महेश को जल्दी ही प्रोडक्शन वारंट से हिरासत में लेकर बरामद हुए मोबाइल फोन के बारे में पूछताछ की जाएगी। जेल स्टाफ ने आशंका जताई है कि महेश द्वारा जेल में रहते हुए इस मोबाइल फोन का उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि के लिए किया जा रहा था। इसकी पूरी जांच करने के लिए पुलिस से कहा गया है।