श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत राजस्थान के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की ओर से प्रदेश की सात कला व भाषा अकादमियों के सहयोग से कला, साहित्य एवं संस्कृति के विकास में योगदान देने वाली संस्थाओं, कलाकारों एवं साहित्यकारों को ‘संस्कृति संवर्धन सम्मान’ प्रदान किया गया। श्रीगंगानगर के सृजन सेवा संस्थान को राजस्थानी साहित्य एवं संस्कृति की निरंतर गतिविधियों व प्रचार के लिए यह सम्मान दिया गया। संस्थान की ओर से सचिव डॉ. कृष्णकुमार ‘आशु’ ने यह सम्मान ग्रहण किया। जयपुर में झालाना डूंगरी स्थित अकादमी संकुल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बीडी कल्ला एवं प्रमुख शासन सचिव (कला, साहित्य एवं संस्कृति विभाग) गायत्री राठौड़ ने आशु को शॉल ओढ़ाकर, सूत की माला पहना कर एवं सम्मान प्रतीक भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला, साहित्य एवं संस्कृति से जुड़े लोग उपस्थित थे।