कोटा
स्वतंत्रता दिवस को लेकर चल रही जांच में एक संदिग्ध युवक कोटा में पकड़ा गया है। पुलिस व आर्मी इंटेजिलेंस ने युवक को स्टेशन इलाके के एक होटल से बुधवार देर रात हिरासत में लिया है। उसके पास से लेफ्टिनेंट की ड्रेस, आर्मी का फर्जी आईडी कार्ड, कैंटीन का स्मार्ट कार्ड भी मिला है। स्मार्ट कार्ड पर भारतीय नौसेना लिखा है। यह लीकर कार्ड है। इसके अलावा, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड आदि दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए युवक का नाम नामदेव शर्मा (23) है। वह मलिया माधोनगर कैंप, कटनी (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है।

मध्य प्रदेश के कटनी निवासी विकास से बरामद कार्ड।
चेकिंग अभियान में मिली सफलता
सिटी एसपी डॉ. विकास पाठक ने बताया कि विकास एक माह से कोटा के होटल में ठहरा हुआ था। 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार की देर रात चेकिंग के दौरान एक होटल से विकास संदिग्ध स्थिति में मिला है। उसके पास से आर्मी की ड्रेस व आईडी कार्ड बरामद हुए हैं। इस बारे में IB, मिलिट्री, स्टेट IB उससे पूछताछ में जुटी हैं।

युवक 3 साल से आर्मी में भर्ती होने का प्रयास कर रहा था।
मध्य प्रदेश का रहने वाला है युवक
युवक मलिया माधोनगर कैंप, कटनी, मध्य प्रदेश का निवासी है। इसके पास से सीकर निवासी लिछमन राम की आईडी बरामद हुई है। युवक ने फर्जी तरीके से आईडी पर खुद का फोटो लगा रखा है। उसके पास सेना की कैंटीन का स्मार्ट कार्ड भी मिला है। बताया जा रहा है कि युवक 3 साल से आर्मी में भर्ती होने का प्रयास कर रहा था। यह भी कयास लगाया जा रहा है कि आर्मी में भर्ती नहीं हो पाया तो फर्जी आईकार्ड और वर्दी साथ में रखने लगा।