सेना भर्ती की मांग, रैली निकाल कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
by seemasandesh
राष्ट्रपति के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। केन्द्रीय रक्षा मंत्री की ओर से टीओडी (ट्यूर आॅफ ड्यूटी) लागू करने के निर्णय का क्रियान्वयन नहीं करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश आह्वान पर गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इससे पहले पार्टी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जाट भवन से रैली के रूप में जिला कलक्ट्रेट पहुंचे तथा प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंप सेना भर्ती रैलियों के आयोजन में 2 वर्ष की आयु की शिथिलता देते हुए पूर्व की भांति भर्ती करने की मांग की। इस मौके पर आरएलपी जिलाध्यक्ष विजय सिंह बेनीवाल ने कहा कि केन्द्रीय रक्षा मंत्री का कहना है कि अग्निपथ योजना से भारतीय सेनाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे लेकिन सत्य यह है कि सेना में संविदा आधारित भर्ती की यह कार्ययोजना किसी भी रूप से देश, जनमानस व भारतीय सेना के हित में नहीं है। ऐसे में सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए ऐसी योजना को अमलीजामा नहीं पहनाना चाहिए। बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान सहित देशभर में विगत दो वर्षों से भारतीय सेना में सेना भर्ती रैलियों का आयोजन नहीं होने से राष्ट्र की सेवा के लिए सेना में जाने के इच्छुक युवाओं के सपनों को गहरा आघात लगा है। ऐसे में युवाओं को सेना में जाने के लिए 2 वर्ष की आयु में शिथिलता देते हुए जल्द से जल्द पहले की भांति सेना भर्ती रैलियों का आयोजन प्रारंभ करवाया जाना चाहिए ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ देश की सुरक्षा को भी मजबूती मिल सके। बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान सहित देश के कई प्रदेशों में सेना भर्ती केन्द्रों की ओर से करवाई गई सेना भर्ती रैलियों का आयोजन अधूरा पड़ा है, ऐसे में अधूरी भर्तियों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के साथ-साथ नौसेना की भर्तियों को भी शुरू किया जाना चाहिए। ज्ञापन में अग्निपथ के नाम से सेना में संविदा आधार पर ली जाने वाली भर्ती योजना को अमलीजामा पहनाने के निर्णय पर रोक लगाने के साथ-साथ पुराने पैटर्न पर जल्द से जल्द 2 वर्ष की आयु में शिथिलता देते हुए सेना भर्ती रैलियों को शुरू करवाने की मांग की गई। इस मौके पर प्रभुदयाल पचार, कार्तिकेय डूडी, जयसिंह बेनीवाल, कृष्ण ज्याणी, नारायण स्वामी, कपिल सहारण, प्रभु पचार, केवल काकड़, आकाश, रायसाहब जाखड़, पंकज, सत्या, जितेंद्र, राजेंद्र सहारण सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।