नई दिल्ली
भारत की स्टार शटलर और दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु इंडिया ओपन 2022 के महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत की अश्मिता चलिहा को सीधे गेमों में 21-7, 21-18 से हराया। सिंधु को इस टूर्नामेंट में महिलाओं में शीर्ष वरीयता प्राप्त है।
सिंधु ने 21 साल की अश्मिता को हराने में 36 मिनट का समय लिया। अब उनका सेमीफाइनल मुकाबले में सामना थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त सुपानिदा कातेथोंग से होगा। कातेथोंग को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वॉकओवर मिला, क्योंकि तीसरी वरीयता प्राप्त सिंगापुर की यीयो जिया मिन ने तेज बुखार की वजह से नाम वापस ले लिया था।
सिंधु और अश्मिता के बीच पिछला मुकाबला 2019 में हुए 83वें सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में हुआ था। असम की अश्मिता ने तब शानदार खेल दिखाया था। इंडिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी पहला सेट गंवाने के बाद अश्मिता ने वापसी की और दूसरे गेम में सिंधु को कड़ी टक्कर दी। पर सिंधु ने मैच जीत लिया।
ओपनिंग गेम में सिंधु ने 11-5 की लीड ले ली थी और अश्मिता को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे गेम में एक वक्त अश्मिता और सिंधु 9-9 की बराबरी पर थीं। सिंधु ने इसके बाद 15-11 की बढ़त हासिल की। अश्मिता ने वापसी करते हुए लगातार चार अंक हासिल किए और स्कोर 15-15 कर दिया। हालांकि, इसके बाद सिंधु ने अश्मिता को पीछे छोड़ दिया।
महिला सिंगल्स के दूसरे सेमीफाइनल में आकर्षी कश्यप का सामना थाईलैंड की बुसानन ओंग्बारुंगफान से होगा। क्वार्टर फाइनल में आकर्षी ने साइना नेहवाल को हराने वाली मालविका बंसोड़ को 21-12, 21-15 से हराया था। वहीं, बुसानन ने अंतिम-8 के मुकाबले में यूएसए की लॉरेन लैम को 21-12, 21-8 से हराया था।
पुरुष डबल्स में ईशान भटनागर और साई प्रतीक की जोड़ी को मलेशिया की तीसरी वरीयता प्राप्त ओंग सिन और तियो ई यी की जोड़ी ने 21-7, 21-7 से हराया। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में भारत की वेंकट गौरव और जूही देवांगन की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को मलेशिया की चेन तांग जी और पेक येन वेई की जोड़ी ने 21-10, 21-13 से सिर्फ 23 मिनट में हरा दिया।