साउथ के पॉपुलर डायरेक्टर एसएस राजामौली ने फ्रेंडशिप डे के अवसर पर अपने फैंस को एक शानदार गिफ्ट दिया है। राजामौली ने फ्रेंडशिप डे पर अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘RRR’ का पहला गाना ‘दोस्ती’ (DOSTI) रिलीज कर दिया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस गाने को शेयर करते हुए लिखा, “इस फ्रेंडशिप डे पर दो शक्तिशाली विरोधी ताकतों-रामराजु और भीम के एक साथ आने के गवाह बनें।”
इस गाने में मुख्य अभिनेताओं जूनियर एनटीआर और राम चरण के बीच की फ्रेंडशिप को दिखाया गया है। फिल्म दो स्वतंत्रता सेनानियों के बीच दोस्ती के बारे में है और यह गाना उसी की एक परफेक्ट झलक है। इस गाने को अमित त्रिवेदी ने गाया है, जिसके लिरिक्स रिया मुखर्जी ने लिखे हैं और एम एम क्रीम द्वारा कंपोज किया गया है।
निर्माताओं ने पहले खुलासा किया था कि फिल्म का थीम सॉन्ग सभी इंडस्ट्री से भारत के बेहतरीन गायकों को एक साथ लाएगा, जो कि एक भव्य अनुभव होने वाला है। भारत के सबसे बड़े संगीत लेबल-भूषण कुमार की टी-सीरीज और लहरी म्यूजिक के पास आरआरआर के म्यूजिक राइट्स हैं।
अजय देवगन और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे
यह फिल्म पहले कभी नहीं देखी गई एक पीरियड ड्रामा है, जो प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानियों कोमाराम भीम और अल्लूरी सीतारामराजू के युवा दिनों पर स्थापित एक काल्पनिक कहानी है। फिल्म में कई इंडस्ट्री से कलाकारों की टुकड़ी शामिल है और इसमें एनटीआर जूनियर-राम चरण के अलावा अजय देवगन और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। डीवीवी दानय्या द्वारा निर्मित ‘RRR’ भारत के सबसे प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित है।
13 अक्टूबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘RRR’
पेन स्टूडियोज़ ने पूरे उत्तर भारत में नाट्य वितरण अधिकार प्राप्त किए हैं और सभी भाषाओं के लिए विश्वव्यापी इलेक्ट्रॉनिक अधिकार भी खरीदे हैं। पेन मरुधर फिल्म को नॉर्थ टेरिटरी में डिस्ट्रीब्यूट करेंगे। यह फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ सहित कई अन्य भाषाओं में रिलीज होने के लिए तैयार है। “आरआरआर” 13 अक्टूबर 2021 में दुनिया भर में स्क्रीन पर रिलीज होगी।