नई दिल्ली
सोने और चांदी की कीमतों में आज बढ़ी गिरावट देखी जा रही है। वायदा बाजार में आज सोना MCX पर सुबह 11 बजे 556 रुपए कम होकर 46,084 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। MCX पर सोना 1.2% गिरकर 4 महीने के निचले स्तर पर आ गया है। वहीं सर्राफा बाजार की बात करें तो इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार आज सोना 1,091 रुपए सस्ता होकर 46,556 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।
2,700 रुपए सस्ती हुई चांदी
IBJA की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार को चांदी 66,727 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। जो आज 64,025 रुपए पर आ गई है। यानी चांदी में 2,702 रुपए की गिरावट आई है। वहीं MCX पर 11 बजे ये 1,206 रुपए गिरावट के साथ 63,794 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है।
ग्लोबल मार्केट में भी सोना-चांदी फिसले
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो आज यहां सोना 1,722 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इसके अलावा चांदी भी 24 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है। 1 अगस्त को सोना 1,830 डॉलर के करीब था।
1 साल में 10 हजार रुपए नीचे आया सोना
पिछले साल जब कोरोना अपने चरम पर था तब अगस्त में सोने का भाव अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। अगस्त 2020 में ये 56,200 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। अभी सोना 46,084 रुपए पर आ गया है, यानी बीते 1 साल में सोना 10 हजार रुपए से ज्यादा सस्ता हो गया है। चांदी की बात करें तो इसका अब तक का ऑल टाइम हाई लेवल 79,980 रुपए प्रति किलो है। इस हिसाब से चांदी भी अपने ऑल टाइम हाई से 14 हजार रुपए से ज्यादा सस्ती हो गई है।
45,500 रुपए तक जा सकता है सोना
पृथ्वी फिनमार्ट के डायरेक्टर मनोज कुमार जैन कहते हैं कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद अब अर्थव्यवस्था रिकवर करने लगी है। इसके चलते अब लोग फिर से शेयर मार्केट में निवेश कर रहे हैं। इससे सोने-चांदी पर दवाब बना हुआ है। आने वाले दिनों में सोना 45,500 रुपए तक जा सकता है। आने वाले कुछ महीनों में सोना 45,500 से 48 हजार के बीच ही रहेगा।
अभी भी चीजें सोने के पक्ष में
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि सोने में इस गिरावट से लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अभी भी ज्यादातर चीजें सोने के ही पक्ष में है। बढ़ती महंगाई और कोरोना के कारण कई देशों में भी लॉकडाउन होने के कारण सोने को सपोर्ट मिलेगा। इससे आने वाले एक साल में सोना फिर 54 हजार तक जा सकता है।
सोने में लम्बे समय के लिए निवेश सही
अजय केडिया कहते हैं कि सोने में लम्बे समय के लिए निवेश सही रहता है, क्योंकि इससे सोने के दाम पर होने वाले उतार चढ़ाव का असर नहीं होगा और आपको सही रिटर्न मिलेगा। सोने में कम से कम 3 से 5 साल के लिए इनवेस्ट करना सही रहेगा।