Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सोनू सूद ने तोड़ी चुप्पी:20 करोड़ की टैक्स चोरी के आरोप झेल रहे सोनू सूद ने तोड़ी चुप्पी, बोले-‘हर बार कहानी बताने की जरूरत नहीं होती, समय खुद बताएगा’

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने आयकर छापों के चार दिन में पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है जिसमें लिखा है, ‘हर बार कहानी बताने की जरूरत नहीं होती। समय खुद ब खुद बताएगा। मेरे घर आए कुछ मेहमानों के कारण पिछले 4 दिनों से लोगों की सेवा नहीं कर पा रहा था, लेकिन अब मैं लौट आया हूं।

सोनू ने कहा कि मैं अपनी क्षमता के मुताबिक मैं भारत के लोगों की भलाई के लिए काम करने का संकल्प ले चुका हूं। मैं इंतजार कर रहा हूं कि मेरे फाउंडेशन में जमा पैसों की आखिरी किश्त तक किसी भी तरह जरूरतमंद लोगों की जान बचा सकूं। मैंने कई मौकों पर बड़े-बड़े ब्रांड को मेरी फीस के बदले लोगों की भलाई का काम करने के लिए कहा है। मेरा सफर जारी रहेगा। उन्होंने आखिर में लिखा है कि कर भला, हो भला, अंत भले का भला।

दरअसल, अभिनेता सोनू सूद पिछले दिनों विवादों में घिर गए थे। आयकर विभाग ने उनके मुंबई, लखनऊ, कानपुर, जयपुर, दिल्ली और गुरुग्राम सहित 28 ठिकानों पर 3 दिन की रेड के बाद 20 करोड़ की टैक्स चोरी का दावा किया है। IT का दावा है,’जांच में सामने आया है कि सोनू सूद ने विदेशी डोनर्स से 2.1 करोड़ का नॉन-प्रॉफिट फंडिंग जुटाई, जो इस तरह के लेन-देन को नियंत्रित करने वाले कानून का उल्लंघन है।

लखनऊ की एक कंपनी के 11 लॉकर मिले

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने उनके चैरिटी ट्रस्ट पर विदेशी चंदा अधिनियम एक्ट के नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है। इनकम टैक्स के इस खुलासे के बाद आने वाले समय में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी इस केस में एंट्री हो सकती है।

आयकर विभाग ने बताया है कि लखनऊ की एक इंफ्रा कंपनी पर छापा मारा गया। इस कंपनी में मुंबई बेस्ड एक्टर की साझेदारी है और इस कंपनी ने बड़े पैमाने पर आयकर चोरी की है। कंपनी के दिल्ली, जयपुर, लखनऊ और गुरुग्राम स्थित ठिकानों पर छापेमारी की गई और छापेमारी के दौरान 1 करोड़ 8 लाख की नगदी बरामद हुई है। 11 लॉकर्स का भी पता चला है। आयकर विभाग को इस कंपनी के 175 करोड़ रुपए के लेन-देन पर भी संदेह है। इस मामले की जांच जारी है।

लॉकडाउन में खूब बटोरी थीं सुर्खियां

48 वर्षीय सोनू सूद कोरोना संक्रमण के बाद लगे लॉकडाउन के दौरान काफी सुर्खियों में आए थे। उन्होंने लॉकडाउन में फंसे और मुंबई में रह रहे कई प्रवासियों को उनके घर पहुंचाने में मदद की थी। इतना ही नहीं उन्होंने कई लोगों के रहने और खाने के साथ काम का भी इंतजाम किया था। लॉकडाउन के दौरान उनके कामों की सोशल मीडिया में खूब सराहना हुई थी। सोनू सूद के पॉलिटिक्स में आने पर भी खूब चर्चा हुई थी। हालांकि, हर बार उन्होंने कहा कि वे राजनीति में नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *