जयपुर
विधानसभा की कार्यवाही सोमवार से पूरे सप्ताह चलेगी। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की अध्यक्षता में हुई कार्य सलाहकार समिति (BAC) की बैठक में अगले सप्ताह 18 सितंबर तक सदन की कार्यवाही चलाने का फैसला किया गया। शुक्रवार को विधानसभा में गणेश चतुर्थी की छुट्टी रहेगी। अब सोमवार 13 सितंबर से विधानसभा चलेगी।
अगले सप्ताह पांच दिन तक सदन चलेगा। 16 सितंबर को रामदेव जयंती की छुट्टी रहेगी। बीएसी की बैठक में पांच दिन में पारित होने वाले विधेयकों को भी फाइनल कर दिया है। सोमवार से विधानसभा में प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही भी चलेगी। इस बार बजट सत्र को ही जारी रखने के कारण बीजेपी के कई वरिष्ठ विधायकों के सवाल लगाने का कोटा पूरा हो गया है। इस बार बीजेपी विधायकों के सवाल कम लगे हैं। इस वजह से शून्यकाल में बीजेपी ज्यादा आक्रामक रहेगी।
5 दिन में ये 12 बिल पारित करवाने की तैयारी
5 दिन में 12 बिल पारित करवाने की तैयारी है। इनमें से 8 बिल पुराने हैं और 4 बिल गुरुवार को विधानसभा में रखे गए हैं। सोमवार को 2 और बिल भी रखे जा सकते हैं। गुरुवार को राजस्थान जीएसटी संशोधन विधेयक, राजस्थान विधियां (द्वितीय संशोधन) विधेयक, राजस्थान पर्यटन व्यवसाय संशोधन संशोधन विधेयक, राजस्थान राज्य पथ परिवहन सेवा(बिना टिकट यात्रा-निवारण) (संशोधन) विधेयक विधानसभा में रखे गए। इन्हें भी अगले सप्ताह पारित करवाया जाएगा।
ये 8 पुराने बिल भी पारित होंगे
दंड विधियां (राजस्थान संशोधन) विधेयक, एम.बी.एम. विश्वविद्यालय, जोधपुर विधेयक, रजिस्ट्रीकरण (राजस्थान संशोधन) विधेयक, राजस्थान पंचायती राज (संशोधन) विधेयक,राजस्थान विवाहों का अनिवार्य रजिस्ट्रीकरण (संशोधन) विधेयक,राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2020, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर (संशोधन) विधेयक 2020 और राजस्थान कृषि विश्वविद्यालयों की विधियां (संशोधन) विधेयक बहस के बाद पारित करवाए जाएंगे।