कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। शिक्षित युवा ही समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी के अन्दर किसी न किसी स्किल का होना अत्यन्त आवश्यक है। स्किल व अनुशासन के बल पर ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है। यह बात राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक जयदीप श्रीवास्तव ने टिब्बी में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारम्भ मौके पर बतौर मुख्य अतिथि कहे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के भीतर छिपे कौशल को विकसित कर आत्मविश्वास का संचार करना है ताकि उन्हें रोजगार की दिशा में उन्मुख किया जा सके। इस मौके पर उन्होंने हनुमानगढ़ जिले में नाबार्ड की ओर से लाभान्वित एसएचजी महिलाओं की सफलता की कहानियों को दर्शाती पुस्तिका का भी विमोचन किया।