हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल की ओर से 16 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत के तहत स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस स्वच्छता पखवाड़ा दौरान रोजाना अलग-अलग थीम के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के तीसरे दिन सोमवार को स्वच्छ रेलगाड़ी दिवस मनाया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों की ओर से ट्रेन में बैठे यात्रियोंं से ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि ट्रेनों में यात्री की सुविधा के लिए प्रत्येक कोचों में बायो शौचालय लगे हैं जो बैक्टीरिया पद्धति पर काम करते हैं। इन शौचालयों में प्लास्टिक की थैलियां, टॉयलेट पेपर, कागज इत्यादि ना डालें। कचरा डालने पर यह शौचालय अवरुद्ध हो जाते हैं और चौक होते हैं। प्रत्येक कोच में डस्टबिन लगे हुए हैं। यात्रियों से अपील की गई कि कचरा डालने के लिए डस्टबिन का प्रयोग करें। यात्रियों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह, उप स्टेशन अधीक्षक प्रशांत कुमार, वाणिज्य निरीक्षक विजय कुमार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मीणा आदि मौजूद रहे।