पार्किंग की व्यवस्था करवाने के लिए किया पाबंद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कलक्टर नथमल डिडेल के निर्देश पर यातायात पुलिस की ओर से अस्पताल, शोरूम, बैंक शाखाओं सहित अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को दिए गए पार्किंग की व्यवस्था करने के नोटिस की पालना होती नहीं दिख रही है। नोटिस देने के बावजूद कुछ शोरूम व अस्पतालों के सामने अभी भी वाहनों को सड़कों पर खड़ा किया जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है। अब यातायात पुलिस इन निर्देशोंं की पालना करवाने को लेकर गंभीर हो गई है। इस कड़ी में यातायात पुलिस की ओर से सोमवार को जंक्शन शहर में शोरूम व बैंक शाखाओं के समक्ष सड़क पर खड़े दुपहिया व चौपहिया वाहनों को उठवा जब्त करने की कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में ट्रेफिक पुलिस कर्मियों की ओर से की गई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कम्प मच गया। यातायात प्रभारी चिन्दा ने शोरूम व बैंक शाखाओं के अधिकारियों को शीघ्र पार्किंग की व्यवस्था करवाने की हिदायत दी।