दौसा. दौसा जिले के सैंथल थाना क्षेत्र में मनोहरपुर-कौथून नेशनल हाइवे पर शनिवार अपराह्न दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो जनों की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक अलवर जिले के रहने वाले हैं, जिनके शव जिला अस्पताल की मॉच्यूर्री में रखवाए हैं। पुलिस ने बाइक को टक्कर मारने वाले ट्रेलर को आंधी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया है।
पुलिस ने बताया कि खुरी खुर्द गांव के पास बाणगंगा पुलिया के पास बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर बड़ी तादाद में लोग जुट गए। पुलिस ने दोनों शव जिला अस्पताल पहुंचवाए। बाइक हादसे में चकनाचूर हो गई। ट्रेलर ड्राइवर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने नाकाबंदी कर आंधी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया।
मजदूरी करते थे चाचा-भतीजा
पुलिस ने बताया कि बाइक सवार अलवर जिले के गोला का बास क्षेत्र के पेमावाला गांव के रहने वाले भोमाराम (45) व भीखाराम प्रजापत (25) थे। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा थे, जो दौसा में मजदूरी करते थे। शनिवार को दोनों मजदूरी करके बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, इस दौरान सैंथल थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे।
महिला गंभीर घायल
दूसरा सड़क हादसा खुरी गांव के पास हुआ। सड़क पार कर रही महिला कमली देवी गुर्जर को बाइक ने टक्कर मार दी। महिला गंभीर घायल हो गई। जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाइक सवार फरार हो गया।