Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हत्या आरोपी पति को भेजा जेल

  • सास-देवर की संलिप्तता की पड़ताल कर रही पुलिस
  • नलके की हत्थी से चोट मारकर पत्नी की हत्या करने का मामला
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र में मसीतांवाली हेड के पास चक 3 आरडब्ल्यूबी में 10 अप्रैल की रात्रि को नलके की हत्थी से चोट मारकर पत्नी की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति को पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया। मजिस्ट्रेट के आदेश पर तलवाड़ा झील पुलिस ने आरोपी राजकुमार उर्फ राजू पुत्र भगवानाराम को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। मामले के जांच अधिकारी तलवाड़ा झील पुलिस थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान आरोपी राजकुमार उर्फ राजू की निशानदेही पर नलके की हत्थी आदि की बरामदगी की कार्रवाई की गई। अनुसंधान के बाद आरोपी राजकुमार उर्फ राजू को शनिवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। जांच अधिकारी के अनुसार मामले में नामजद मृतका की सास-देवर की भूमिका का पता लगाने के लिए अनुसंधान किया जा रहा है। गौरतलब है कि 11 अप्रैल को सुधीर चांवरिया पुत्र रामनारायण निवासी चक मनफूलसिंहवाला पीएस लालगढ़ जाटान जिला श्रीगंगानगर ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि उसकी बहन सुमन की शादी चक 3 आरडब्ल्यूबी में करीब 15 वर्ष पूर्व राजकुमार उर्फ राजू के साथ शादी हुई थी। सुबह उन्हें दूरभाष पर जानकारी मिली कि सुमन को उसके ससुराल वालों ने रात को मार दिया। सुमन का शव आंगन के बाहर चारपाई पर पड़ा है। वे चक 3 आरडब्ल्यूबी मसीतांवाली हेड पहुंचे तो उसकी बहन का शव चारपाई पर क्षत-विक्षत हालात में पड़ा था। शव के मुंह, सिर, जबड़ा, कान व गले पर चोटों के निशान थे। उसकी बहन को रात्रि के समय करीब 11-12 बजे उसके पति राजकुमार उर्फ राजू, बहन की सास लिछमा देवी व देवर मल्लूराम ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया। उसकी बहन को पूर्व में भी राजकुमार उर्फ राजू, उसकी सास व देवर की ओर से तंग-परेशान किया जाता था। राजकुमार उर्फ राजू शराब पीकर आए दिन तंग-परेशान करता था। इसी के चलते इन तीनों ने रात्रि के समय नलके की हत्थी से चोट मारकर उसकी बहन को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।