Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

छात्रा खिलाड़ियों को खेल किट भेंट

  • खेलों में भविष्य बनाने के लिए किया प्रोत्साहित
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन के सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को बास्केटबॉल खिलाड़ी छात्राओं को प्रबंध समिति पदाधिकारियों की ओर से खेल किट भेंट की गई। इस दौरान प्रबंध समिति अध्यक्ष गणेश राज बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र बलाड़िया, उपाध्यक्ष लखवीर सिंह मान, सचिव अमरनाथ सिंगला, उपसचिव अनिल बंसल, कोषाध्यक्ष अशोक सिंगला, कॉलेज प्राचार्य डॉ. श्याम सुन्दर शर्मा तथा प्रधानाचार्या प्रेरणा रस्तोगी ने खिलाड़ियों को खेल किट भेंट कर खेलों में भविष्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। समिति सचिव अमरनाथ सिंगला ने बताया कि सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़ जिले का ऐसा एकमात्र शिक्षण संस्थान है जहां साई ट्रेनिंग सेंटर खेलो इंडिया (बास्केटबॉल) की योजना चल रही है। संस्था का उद्देश्य बालिकाओं का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों में शामिल खेल के लिए मैदान तैयार करवाया जा रहा है। प्रधानाचार्या प्रेरणा रस्तोगी ने बताया कि साई ट्रेनिंग सेंटर खेलो इंडिया योजना 2006 से निरंतर विद्यालय में चल रही है। प्रतिवर्ष राज्य स्तर पर छात्राएं चयनित होती रही हैं। यह किट उन प्रतिभाशाली खिलाड़ी छात्राओं को दी जाती है जिनका चयन साई सेंटर खेलो इंडिया में होता है। इसके अतिरिक्त 600 रुपए प्रतिमाह दिए जाते हैं। बास्केटबॉल कोच शिल्पा सोनी ने बताया कि इस वर्ष मोलपुर में आयोजित 17 वर्षीय बास्केटबॉल राज्य स्तर पर खिलाड़ी छात्राओं में चंचल ने गोल्ड मेडल हासिल किया। 19 वर्षीय खिलाड़ी छात्रा अनिशा शर्मा, दिव्या कुमारी, मदीना ने राज्य स्तर पर चतुर्थ स्थान हासिल किया। यह विद्यालय के लिए बड़े ही सम्मान की बात है। इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टॉफ मौजूद था।