गणेश महोत्सव जारी, मूर्ति विसर्जन 9 सितम्बर को हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ गणेश महोत्सव जारी है। क्षेत्र के मंदिरों में महोत्सव के तहत सुबह-शाम पूजा-अर्चना हो रही है। इसी कड़ी में जंक्शन में रेलवे स्टेशन रोड पर स्वर्णकार समाज सेवा समिति व मराठा मंडल की ओर से जनसहयोग से मनाए जा रहे 13वें गणेश महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को पंडित विजय शास्त्री ने मुख्य यजमान चेतराम सोनी सपत्नीक के हाथों पूजा-अर्चना करवाई। पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान गणेश की महाआरती की गई। समिति अध्यक्ष बबलू सोनी ने बताया कि सुबह-शाम अतिथियों की ओर से भगवान गणेश का पूजन किया जा रहा है। 9 सितम्बर को भण्डारे के पश्चात भगवान गणेश की शोभायात्रा निकाली जाएगी। देर शाम मूर्ति विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव का समापन होगा। इस दौरान पुरुषोत्तम सोनी, पवन सोनी, दीपक शर्मा, विक्की सोनी, कुंदन सोनी, जगतपाल सोनी, दीपक सोनी आदि मौजूद थे। उधर, श्री गणपति युवा सेवा समिति की ओर से जनसहयोग से जंक्शन के वार्ड 9 में तीसरा गणेश महोत्सव मनाया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्य यजमान नगर परिषद निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां व जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा ने भगवान गणेश का पूजन किया। पूजन के पश्चात महाआरती की गई। समिति संरक्षक अर्जुन विमल ने बताया कि गणेश महोत्सव के तहत 8 सितम्बर को भगवान गणेश का जागरण होगा। इसमें स्थानीय एवं बाहर से बुलाए गए कलाकार भगवान गणेश का गुणगान करेंगे। 9 सितम्बर को मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा। इस मौके पर मनोज सारवान, बादल विमल, राहुल गोंद, अमित, करण विमल, दीपक, शगनदीप, करण अठवाल, गौरव कुमार, लविश गोंद, कुणाल, हिमांशु गोंद, करण पंवार, आकाश विमल, अशोक भाट, पवन वाल्मीकि आदि मौजूद थे। वहीं टाउन स्थित सोनी मार्केट में स्वर्णकार सभा समिति एवं मराठा मंडल की ओर से जन सहयोग से मनाए जा रहे 31वें गणेश महोत्सव के तहत शुक्रवार को मुख्य यजमान ओम धुप्पड़, सूर्य धुप्पड़, हिमांशु धुप्पड़ ने सपरिवार भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना व महाआरती की। समिति अध्यक्ष प्रमोद सोनी ने बताया गणेश महोत्सव 10 दिन तक चलेगा। 9 सितम्बर को मूर्ति का विसर्जन का कार्यक्रम होगा। महोत्सव के दौरान सुन्दरकान्ड पाठ व अमृतवाणी का पाठ किया जा रहा है। इस मौके पर अनिल शर्मा, हितेश सिंगल, सचिव मनमोहन सोनी, उपाध्यक्ष विनोद, पवन सोनी, कोषाध्यक्ष जेकी सोनी, विनोद सहदेव, मराठा मण्डल के बजरंग मराठा, गंगाराम मराठा, लोकेश मराठा, पाण्डे मराठा, बाबू मराठा, भीम मराठा, अजीत मराठा आदि मौजूद थे।