हलवाई सोता रहा, चोर ने नकदी-मोबाइल फोन पर हाथ किए साफ
by seemasandesh
मौके पर छूटा चोर का आधार कार्ड, पुलिस जुटी तलाश में हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन में राजकीय जिला चिकित्सालय के पास स्थित मिठाई की दुकान में रात्रि को चोरी हो गई। चोर ने मिठाई की दुकान में सो रहे हलवाई की गहरी नींद का फायदा उठा नकदी व मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिए। इस दौरान चोर का आधार कार्ड वहीं छूट गया। पुलिस आधार कार्ड के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार आनन्द कुमार पुत्र कवत कुक्कड़ निवासी नई धानमण्डी हनुमानगढ़ टाउन ने बताया कि वह हलवाई का कार्य करता है। नई धानमण्डी में राजकीय जिला चिकित्सालय के पास उसकी न्यू आनन्द स्वीट्स नाम से मिठाई की दुकान है। दुकान पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसी कारण वह मंगलवार रात्रि को दुकान पर ही सो गया। उसने गेट को कुछ खुला छोड़ दिया। रात्रि को अज्ञात जना गेट खोलकर दुकान में घुसा और वहां रखे दो मोबाइल फोन के अलावा 15 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गया। वह सुबह उठा तो चोरी का पता चला। साथ ही मौके पर गांव मेहरवाला निवासी एक जने का आधार कार्ड पड़ा मिला। उन्होंने आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक की तो रात करीब 2 बजे चद्दर ओढ़े एक संदिग्ध दुकान में घुसता नजर आ रहा है। उसका चेहरा भी आधार कार्ड में छपी फोटो वाले शख्स से मिलता-जुलता है। संभवतया आधार कार्ड के नाम-पते वाले शख्स ने ही दुकान से नकदी-मोबाइल फोन चुराए हैं। आनन्द कुमार ने मामला दर्ज करने के लिए पुलिस थाना में परिवाद सौंपा है। उधर, हनुमानगढ़ टाउन थाना की एसआई संजू रानी के अनुसार सूचना मिली थी कि नई धानमण्डी में स्थित न्यू आनन्द स्वीट्स दुकान में रात्रि को कोई अज्ञात व्यक्ति घुसा और नकदी व मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। बुधवार सुबह पुलिस मौके पर गई और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक की। एक आधार कार्ड मौके पर मिला है। इसके आधार पर अज्ञात शख्स की पहचान कर उस तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।