नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है। एडवोकेट विशाल तिवारी की दायर याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। इसमें सुप्रीम कोर्ट के रिटार्ड जज की निगरानी में एक समिति गठित करने की मांग की गई है। एडवोकेट ने चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने मामले की अर्जेंट लिस्टिंग की अपील की थी।
24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप को लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। रिपोर्ट में ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए गए थे। रिपोर्ट के बाद ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली थी। शुक्रवार यानी 3 फरवरी को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1000 रुपए के करीब पहुंच गया था। हालांकि, बाद में इसमें रिकवरी आई।
अडाणी एंटरप्राइजेज करीब 11% टूटा, कल 23% चढ़ा था
शेयर बाजार में आज तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 142.43 अंक या 0.23% चढ़कर 60,806 पर बंद हुआ। हालांकि अडाणी ग्रुप में 10 में से 9 स्टॉक्स में गिरावट रही। केवल अडाणी विल्मर 5% चढ़ा। अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी एंटरप्राइजेज के शेयर में आज 11% की गिरावट है। कल अडाणी एंटरप्राइजेज में 23% की तेजी देखने को मिली थी।
विल्मर का मुनाफा 16.5% बढ़ा
अडाणी विल्मर लिमिटेड ने बुधवार को अपने तीसरी तिमाही (Q3FY23) के रिजल्ट घोषित किए। कंपनी का मुनाफा 16.5% बढ़कर 246 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। एक साल पहले के इसी क्वार्टर में इसका मुनाफा 211 करोड़ रुपए था। ऑपरेशन से कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल की समान तिमाही के 14,370.92 करोड़ रुपए से 7% बढ़कर 15,438.05 करोड़ हो गया।