Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हेरोइन उपलब्ध करवाने वाला गिरफ्तार

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन पुलिस ने बीस ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के प्रकरण में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेन्द्र मेघवाल (21) पुत्र राजेन्द्र कुमार चीनिया निवासी वार्ड नम्बर 3, तलवाड़ा झील के रूप में हुई है। उसे जिला कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में महेन्द्र मेघवाल के चिट्टा बेचने व सप्लाई करने के कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है। जांच अधिकारी एसआई विशु वर्मा ने बताया कि 5 फरवरी की रात्रि को पुलिस थाना के एसआई शैलेश चन्द के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने सादुल ब्रांच नहर के पटड़ा पर कार्रवाई करते हुए बीस ग्राम चिट्टा बरामद कर हुसैन अली (20) पुत्र बहार खां निवासी वार्ड नम्बर 5, नई खुंजा, जंक्शन को गिरफ्तार किया था। हुसैन अली ने रिमांड अवधि के दौरान हुई पूछताछ में बताया कि उसने तलवाड़ा झील निवासी महेन्द्र कुमार और सुमित पुत्र रेशमसिंह रायसिख से चिट्टा खरीदा था। इसी दौरान तलवाड़ा झील पुलिस ने महेन्द्र कुमार व सद्दाम (26) पुत्र यासीन खान निवासी तलवाड़ा झील को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 50 ग्राम चिट्टा बरामद किया। तलवाड़ा झील पुलिस की ओर से दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाए जाने के बाद अब महेन्द्र कुमार को 20 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।