Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हेल्दी हार्ट के लिए वैज्ञानिकों की बुजुर्गों को सलाह:रोजाना 250 कैलोरी घटाकर और एक्सरसाइज करके बढ़ती उम्र में हृदय रोगों का खतरा घटा सकते हैं, धमनी की अकड़न भी घटती है

हार्ट को हेल्दी रखने के लिए वैज्ञानिकों ने बुजुर्गोँ को सलाह दी है। वैज्ञानिकों का कहना है, हृदय रोगों से बचने के लिए शाम में नाश्ते में कटौती करें, रोजाना 250 कैलोरी कम लें और हल्की-फुल्की एक्ससाइज करें। ये आदतें बढ़ती उम्र में दिल को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं। यह रिसर्च नॉर्थ कैरोलिना के वेक फॉरेस्ट स्कूल ऑफ मेडिसिन के शोधकर्ताओं ने की है।

160 ओवरवेट बुजुर्गों पर हुई रिसर्च
वैज्ञानिकों ने 60 से 70 साल की उम्र वाले 160 ओवरवेट बुजुर्गों पर 20 हफ्तों तक रिसर्च की। इन्हें तीन ग्रुप में बांटा गया। इनमें से एक तिहाई बुजुर्गों को रेग्युलर डाइट के साथ हफ्ते में 4 दिन 30 मिनट तक ट्रेडमिल करने को कहा गया।

वहीं, दूसरे ग्रुप को यही रूटीन फॉलो करने के साथ कैलोरी में कटौती करने को कहा गया। इसमें से आधे लोगों को रोजाना 250 और आधे को 600 कैलोरी कम लेने की सलाह दी गई।

दिल की सेहत सुधरी, धमनी की अकड़न कम हुई
रिसर्च में सामने आया कि जिन बुजुर्गों ने केवल एक्सरसाइज की, उनका 1.7 किलो ही वजन घटा। वहीं, जिन बुजुर्गों ने एक्सरसाइज के साथ कैलोरी में भी कटौती की उनका वजन 9 किलो तक घट गया। कैलोरी में कटौती करने वाले बुजुर्गों के दिल की सेहत सुधरी। जांच में सामने आया कि शरीर की सबसे बड़ी धमनी में अकड़न कम हुई।

शोधकर्ता कहते हैं, बढ़ती उम्र के साथ धमनियां सख्त हो जाती हैं। नतीजा, हार्ट के लिए ब्लड को पम्प करना मुश्किल हो जाता है। उम्र के साथ अकड़न बढ़ती है और हार्ट फेल व स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है।

सेहतमंद रहने के लिए लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी
शोधकर्ता डॉ. टीना ब्रिंकले के मुताबिक, लाइफस्टाइल में बदलाव करके धमनी की अकड़न को कम किया जा सकता है और बुजुर्गों के दिल की सेहत को सुधारा जा सकता है। सिर्फ एक्सरसाइज करने के मुकाबले, एरोबिक एक्टिवटी के साथ कैलोरी में कटौती का धमनी पर सकारात्मक असर देखने को मिला है। यह छोटा सा बदलाव लम्बे समय के लिए बुजुर्गों को सेहतमंद रखने में मदद कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *