Monday, May 4निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

​​​​​​​बांकुरा में भाजपा-तृणमूल कार्यकर्ता भिड़े, भाजपा का आरोप- TMC के गुंडों ने सोनामुखी से विधायक दिबारक घरामी पर भी हमला किया

कोलकाता

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को बांकुरा में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हुई। मारपीट में भाजपा के 6 और TMC के 4 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दरअसल, सोनामुखी में भाजपा ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। भाजपा का आरोप है कि कार्यक्रम को बंद कराने के लिए TMC के गुंडे वहां पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। भाजपा का दावा है कि सोनामुखी से विधायक दिबारक घरामी पर भी TMC के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। हालांकि, TMC ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

घरामी ने भी तृणमूल को घेरा
मामले पर दिबारक घरामी का कहना है कि जब वह कार्यकर्ताओं के साथ थे। तभी तृणमूल के कार्यकर्ता वहां आए और नारेबाजी करने लगे। उनका इरादा मुझ पर हमला करना था, लेकिन मेरे गार्ड्स ने मुझे बचा लिया।

शुभेंदु ने TMC पर आरोप लगाया
इस बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने देर रात ट्वीट करके आरोप लगाया कि भाजपा विधायक दिबारक घरामी पर रविवार को मानिक बाजार पंचायत क्षेत्र में टीएमसी के गुंडों ने हमला किया। उन्होंने कहा कि हमले में 7 भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए और उन्हें बांकुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर करना पड़ा है।

NHRC की टीम पर भी हमला हुआ था
इससे पहले जाधवपुर में पिछले मंगलवार यानी 29 जून को चुनाव के बाद हिंसा के मामलों की जांच करने पहुंची राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की टीम पर हमला किया गया था। जांच टीम के सदस्य आतिफ रशीद ने बताया था कि जांच के दौरान यह पाया गया कि यहां 40 से ज्यादा घरों को नुकसान हुआ है। इसी दौरान हम पर गुंडों ने हमला कर दिया।

घटना के बाद शुभेंदु ने कहा था कि पश्चिम बंगाल की हालत कितनी गंभीर है ये NHRC टीम को भी पता चल गया। NHRC की टीम खुद नहीं आई, केंद्र सरकार ने भी उन्हें नहीं भेजा, वे हाईकोर्ट के निर्देश पर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *