Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

10 रुपये के शेयर भाव पर वोडा-आइडिया में अधिग्रहण करेगी सरकार

नई दिल्ली

कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआीएल) में सरकार की हिस्सेदारी के अधिग्रहण पर नई अपडेट आई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सरकार शेयर का भाव 10 रुपये पर स्थिर हो जाने के बाद इस कंपनी में हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी।

सूत्र ने कहा, ‘‘बाजार नियामक सेबी के मानकों के मुताबिक हिस्सेदारी का अधिग्रहण समान मूल्य पर ही होना चाहिए। वीआईएल के शेयर का भाव 10 रुपये के करीब स्थिर होने के बाद दूरसंचार विभाग हिस्सेदारी अधिग्रहण को मंजूरी देगा।’’

क्या है शेयर का भाव: आपको बता दें कि वोडा-आइडिया के शेयर 19 अगस्त से ही 10 रुपये के स्तर से नीचे कारोबार कर रहे हैं। गुरुवार को बीएसई में इसका शेयर 1.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9.68 रुपये के भाव पर बंद हुआ।

16 हजार करोड़ की देनदारी: कंपनी पर सरकार को ब्याज के तौर पर करीब 16,000 करोड़ रुपये की देनदारी है। इसके निदेशक मंडल ने इस देनदारी के एवज में सरकार को 10 रुपये प्रति शेयर के समान भाव पर हिस्सेदारी देने की पेशकश की है। वित्त मंत्रालय ने जुलाई में इस कंपनी में हिस्सेदारी के अधिग्रहण के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।