मुंबई
5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का मार्केट कैप हासिल करने वाली देश में सात कंपनियां बन गई हैं। इन सातों कंपनियों के पास कुल मार्केट कैप का 61.28 लाख करोड़ रुपए है। गुरुवार को दो कंपनियां 5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का मार्केट कैप हासिल करने में सफल रहीं।
BSE का मार्केट कैप 252.68 लाख करोड़ रुपए
बाजार की लगातार तेजी से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का मार्केट कैप गुरुवार को 252.68 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस दौरान कुल सात कंपनियां पांच लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का मार्केट कैप हासिल करने में सफल रहीं। सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है। इसका मार्केट कैप 14.54 लाख करोड़ रुपए है। जबकि टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) दूसरे नंबर पर है। इसका मार्केट कैप 14.19 लाख करोड़ रुपए है। TCS पहली बार 14 लाख करोड़ रुपए का आंकड़ा पार की है।
HDFC बैंक तीसरे नंबर पर
तीसरी सबसे बड़ी कंपनी HDFC बैंक है। इसका मार्केट कैप 8.79 लाख करोड़ रुपए है। जबकि इंफोसिस का मार्केट कैप 7.16 लाख करोड़ रुपए है। मार्केट कैप के लिहाज से पहली बार दो बैंक ऐसे हैं जो 5 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार किए हैं। दूसरा बैंक ICICI बैंक है। इसका मार्केट कैप पहली बार गुरुवार को 5.02 लाख करोड़ रुपए हो गया। मार्केट कैप के लिहाज से यह छठीं सबसे बड़ी कंपनी है।
HUL का मार्केट कैप 6.57 लाख करोड़ रुपए
हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का मार्केट कैप 6.57 लाख करोड़ रुपए गुरुवार को था। जबकि HDFC लिमिटेड सातवें नंबर पर है। इसका मार्केट कैप 5.01 लाख करोड़ रुपए हो गया है। टॉप 7 कंपनियों में 2 कंपनी सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सेक्टर की और 2 बैंकिंग सेक्टर की हैं। एक फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) सेक्टर की और एक फाइनेंशियल सेक्टर की कंपनी है। जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज कई सेक्टर में फैली हुई कंपनी है।
BSE का सेंसेक्स पहली बार 57,852 अंक पर पहुंचा
BSE का सेंसेक्स गुरुवार को पहली बार 57,852 अंक पर बंद हुआ। इस वजह से कंपनियों के मार्केट कैप में लगातार तेजी बनी हुई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 23 सितंबर 2020 को 2,368 रुपए पर था। एक बार फिर से यह उसी लेवल के करीब है। गुरुवार को यह बढ़त के साथ 2,307 रुपए पर बंद हुआ।
TCS का शेयर 1 साल के हाई पर
TCS का भी शेयर 1 साल के हाई 3,837 रुपए पर पहली बार बंद हुआ। हालांकि दिन में यह 3,858 रुपए तक गया था। हिंदुस्तान यूनिलीवर का भी शेयर 1 साल के ऊपरी स्तर 2,799 रुपए पर बंद हुआ। दिन में यह शेयर 2,808 रुपए तक गया था। इन सातों कंपनियों के बाद बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक और एयरटेल का नंबर मार्केट कैप के लिहाज से आता है। यह तीनों 3.63 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के मार्केट कैप वाली कंपनी हैं।