डीएसटी के सहयोग से नोहर पुलिस की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की गोगामेड़ी पुलिस ने 19 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त कर दो जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों जनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच भादरा पुलिस को सौंपी है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ जारी अभियान मंशा के तहत जिला विशेष दल नोहर के सहयोग की गई। जानकारी के अनुसार गोगामेड़ी थाना प्रभारी एसआई बिशन सहाय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम गश्त करते हुए नोहर से भादरा रोड पर स्थित चक 18 डीपीएन रोही परलीका में बीड वाले श्री बालाजी मन्दिर के पास पहुंची तो मन्दिर के पास घूम रहे दो जने पुलिस को देखकर खेतों की तरफ भागने लगे। दोनों व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें काबू कर नाम-पता पूछा तो इनकी पहचान रोहताश (40) पुत्र रामकुमार जाट निवासी चक 15 एनटीआर रोही परलीका व सोनू (30) पुत्र उग्रसेन जाट निवासी वार्ड 13, परलीका पीएस गोगामेड़ी के रूप में हुई। शक होने पर पुलिस ने तलाशी ली तो रोहताश की पेंट की जेब से मिली प्लास्टिक की पारदर्शी थैली में कुल 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जबकि सोनू की पेंट की जेब से मिली प्लास्टिक की पारदर्शी थैली में कुल 11 ग्राम हेरोइन भरी मिली। पुलिस ने हेरोइन जब्त कर मौके से रोहताश व सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रोहताश व सोनू से बरामद हेरोइन के संबंध में पूछताछ की तो सोनू ने बताया कि वह पीरांवाली निवासी बलविन्द्र बाजीगर से हेरोइन खरीदकर लाया था। यह हेरोइन उसने व रोहताश ने काम में लेनी थी। गोगामेड़ी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच भादरा थाना के एसआई राकेश गोदारा को सौंपी है। पुलिस टीम में एएसआई रामेश्वर, कांस्टेबल कुलदीप, रामावतार, महेश, राजकुमार व सतवीर शामिल थे। इस कार्रवाई में जिला विशेष दल सेक्टर नोहर की विशेष भूमिका रही।