Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पिस्तौल व तीन कारतूस बरामद, युवक गिरफ्तार

  • गोलूवाला पुलिस की आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिले की गोलूवाला पुलिस ने अवैध देसी पिस्तौल, दो जिन्दा व एक खाली कारतूस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने गांव लखासर निवासी एक जने से पिस्तौल-कारतूस खरीदकर लाने की बात स्वीकारी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। गोलूवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि हैड कांस्टेबल प्रेम कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि शहीद भगत सिंह कॉलेज के पास खारा चक कान्हेवाला के आगे एक युवक पैदल अमरसिंहवाला की तरफ जा रहा है जो संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। उसके पास अवैध हथियार हो सकता है जो किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम खारा चक कान्हेवाला से करीब 200 मीटर आगे अमरसिंहवाला की तरफ पहुंची तो एक युवक अमरसिंहवाला की तरफ जाता दिखाई दिया जो पुलिस जीप को देखकर सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों के पास छिप गया। शक होने पर युवक को पकड़ तलाशी ली तो उसकी पेंट की जेब से 12 बोर का देसी पिस्तौल मिला। साथ ही दो जिन्दा व एक खाली कारतूस मिला। पुलिस ने पिस्तौल व कारतूस बरामद कर मौके से धर्मप्रीत (22) पुत्र मेवासिंह जटसिख निवासी गुरुसर मोडिया तहसील सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में धर्मप्रीत ने जानकारी दी कि वह देसी पिस्तौल व तीनों कारतूस दिनेश कुमार पुत्र देवीलाल बिश्नोई निवासी लखासर से खरीद कर लाया था। थाना प्रभारी सुथार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई धर्मपाल को सौंपी है। उन्होंने बताया कि पिस्तौल व कारतूस उपलब्ध करवाने वाले दिनेश कुमार को भी नामजद कर जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल महमूद अली, सरजीत सिंह, सुलेन्द्र कुमार, विष्णुदत्त व सुरेन्द्र कुमार शामिल थे।