8700 रुपए की बिक्री राशि भी बरामद, भिरानी पुलिस की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की भिरानी पुलिस ने नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली 2270 टेबलेट व 8700 रुपए की बिक्री राशि बरामद कर मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को डीएसटी सेक्टर नोहर के सहयोग से अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार भिरानी पुलिस थाना प्रभारी एसआई राजकुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि अनिल कुमार पुत्र ओमप्रकाश वर्मा निवासी भिरानी अपने मेडिकल स्टोर के पास परचूून की दुकान पर नशीली टेबलेट रखता है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव भिरानी पहुंचकर अनिल कुमार की परचून की दुकान की तलाशी ली तो दीवार के पास गत्ते का एक छोटा कार्टून रखा मिला। इसमें अल्प्राजोलम की कुल 2270 टेबलेट रखी हुई थी। पुलिस ने नशीली टेबलेट व बिक्री के 8700 रुपए बरामद कर मौके से अनिल कुमार (38) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले का अनुसंधान भादरा थाना के एसआई राकेश गोदारा कर रहे हैं। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल शाह रसूल, भंवरलाल, कांस्टेबल मनदीप, विरेन और विक्रमसिंह शामिल थे। इस कार्रवाई में डीएसटी सेक्टर नोहर की विशेष भूमिका रही।