नई दिल्ली
अडानी ग्रुप की कंपनियों ने तबाड़तोड़ रिटर्न दिया है। आज की तारीख में अडानी ग्रुप की 7 कंपनियों का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की दौलत भी इस साल अब तक 48 अरब डॉलर से ज्यादा बढ़ी है। अडानी ग्रुप की एक कंपनी ने पिछले 2 साल में ही निवेशकों को मालामाल कर दिया है। अडानी ग्रुप की यह कंपनी अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) है। कंपनी ने 3,000 पर्सेंट से ज्यादा का रिटर्न दिया है।
1 लाख रुपये लगाने वालों के बन गए 31 लाख से ज्यादा
अडानी टोटल गैस के शेयर 24 मार्च 2020 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 81.90 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 28 अप्रैल 2022 को बीएसई में 2,568.40 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों ने इस पीरियड में 3,000 पर्सेंट से ज्यादा का रिटर्न दिया है। अगर किसी व्यक्ति ने 24 मार्च 2020 को कंपनी के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते और अपने इनवेस्टमेंट को बनाए रखा होता तो मौजूदा समय में यह पैसा 31.36 लाख रुपये होता। यानी, 1 लाख रुपये लगाने पर सीधे 30 लाख रुपसे ज्यादा का फायदा होता। अडानी टोटल गैस के शेयरों का 52 हफ्ते का लो-लेवल 772.95 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का हाई-लेवल 2739.95 रुपये है।