नई दिल्ली
सोमवार को शेयर बाजार के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल शेयर इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) में जबरदस्त तेजी देखी गई। कंपनी के शेयर नए रिकार्ड पर पहुंच गए। इंडियन होटल (Indian hotels share) के शेयर शुरुआती कारोबार के दौरान ₹2 प्रति शेयर ऊपर चढ़कर ₹268.95 के नए लाइफ टाइम हाई प्राइस पर पहुंच गई थी। हालांकि, इंट्रा डे में शेयर बाजार के गिरावट के चलते इंडियन होटल्स के शेयरों में भी मामूली गिरावट नजर आ रही है और यह शेयर अभी 260.75 पर है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
शेयर बाजार के जानकारों के अनुसार, इस मल्टीबैगर स्टॉक के अपनी रैली जारी रखने की उम्मीद है क्योंकि आने वाले सेशंस में फंडामेंटल और तकनीकी दोनों ही शेयरों में मजबूती का संकेत दे रहे हैं। शेयर बाजार के जानकारों के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला का यह शेयर 230 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर ब्रेकआउट देने के बाद बुलिश रहा है और इंडियन होटल के शेयर चार्ट पैटर्न पर ‘हाई फॉर्मेशन’ बना रहे हैं, जिसका मतलब है कि शेयर में और तेजी जारी रह सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक, देश अनलॉक हो रहा है, लोग बाहर घूमने जा रहे हैं। ऐसे में होटल की बुकिंग बढ़ रही है। इस दौरान होटल शेयरों के प्रमुख बेंचमार्क रिटर्न से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है और स्टॉक में किसी भी गिरावट को खरीदने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए।