हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की टिब्बी पुलिस ने हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सम्भावित 315 बोर देसी पिस्तौल बरामद किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। टिब्बी थाना प्रभारी भूपसिंह सहारण ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार व पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बशीर चौकी प्रभारी एएसआई धर्मपाल बुधवार रात पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त करते हुए पुलिस टीम रोही खाराखेड़ा में केएचआर नहर के सीसी हेड पुल के नजदीक पहुंची तो एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुई। शक होने पर युवक की तलाशी ली तो उसके पास से सम्भावित 315 बोर देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल कब्जे में लेकर मौके से बलवीर सिंह (20) पुत्र गुरदीप सिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 9, अमरपुरा थेहड़ी पीएस हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल फारूख का विशेष योगदान रहा। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल कुरड़ाराम भी शामिल थे।