चार दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 10 खिलाड़ियों सहित हिस्सा ले रहे करीब 850 खिलाड़ी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान में 45वीं राज्य स्तरीय सीनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता (महिला-पुरुष) का आगाज शुक्रवार को समारोहपूर्वक हुआ। 2 सितम्बर से 5 सितम्बर तक चलने वाली प्रतियोगिता का उद्घाटन विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष (राज्य मंत्री) उर्मिला योगी ने किया। व्यापार मण्डल शिक्षा समिति व जिला हैंडबॉल संघ की ओर से आयोजित की जा रही प्रतियोगिता में अंतरराष्टÑीय स्तर के 10 खिलाड़ियों सहित करीब 850 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन मौके पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह, विधायक चौधरी विनोद कुमार की धर्मपत्नी विजय लक्ष्मी, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, आयोजन अध्यक्ष सादासिंह खोसा, राजकुमार सोडा, जिनेन्द्र जैन, फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था अध्यक्ष सन्तराम जिन्दल, पूर्व पालिकाध्यक्ष पवन अग्रवाल, अमरसिंह राठौड़, कृषि उपज मण्डी समिति टाउन अध्यक्ष अमरसिंह सिहाग व उपाध्यक्ष घनश्याम भादू ने अतिथियों के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष (राज्य मंत्री) उर्मिला योगी ने कहा कि शिक्षा ही मनुष्य का सर्वांगीण विकास कर सकती है। शिक्षा शेरनी का दूध है जो भी पिएगा दहाड़ेगा। उन्होंने छात्रा-छात्राओं को शिक्षा के मंदिर में मां सरस्वती के चरणों में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों का भी मनुष्य के जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। खेल भी सर्वांगीण विकास में मददगार हैं। अगर शरीर स्वस्थ है तो स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होगा। उन्होंने दूर-दराज क्षेत्र से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करें ताकि राष्टÑीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन हो सके। उन्होंने कहा कि हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। हारने वाले खिलाड़ी अपने मन में यह विचार न लाएं कि प्रतिस्पर्द्धा में गलत प्रयोग करें। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह ने कहा कि वर्ष 2021-22 राजस्थान के स्वर्णिम इतिहास में लिखा जाएगा क्योंकि 6 राष्टÑीय प्रतियोगिताओं में से 5 में राजस्थान ने पदक जीते। इसमें तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। लगातार प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्टÑीय स्तर पर खेल रहे हैं। व्यापार मण्डल शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक जिंदल ने बताया कि हनुमानगढ़ में दूसरी बार राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से करीब 50 टीमें हिस्सा ले रही हैं। करीब 850 खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। दिन-रात के मुकाबले होंगे। इसी प्रतियोगिता से राष्टÑीय प्रतियोगिताओं के लिए राजस्थान की टीम का चयन किया जाएगा। टाउन क्षेत्र की 10 धर्मशालाओं और 2 होटलों में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 10 खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। विजेता टीम को 1 लाख रुपए, उपविजेता टीम को 50 हजार रुपए व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपए के नकद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह 5 सितम्बर को सुबह 11.15 बजे होगा। इससे पहले शिक्षा समिति व नाथ समुदाय की ओर से विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष (राज्य मंत्री) उर्मिला योगी का स्वागत किया गया। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में व्यापार मण्डल शिक्षा समिति सचिव विजय बंसल, उपाध्यक्ष दुलीचन्द जलंधरा, सहसचिव विकास हिसारिया, कोषाध्यक्ष हरीकिशन खदरिया, जिला हैंडबॉल संघ सचिव श्याम पाण्डे, भारतीय पीठू संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास अग्रवाल, अरविन्द सोढ़ी, निशा शर्मा, प्राचार्य नीलम गौड़, प्रधानाचार्य संजू गाडिया, किरण राठौड़ आदि मौजूद थे।