जगदलपुर
छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। नक्सली नेता हकीराजू हरगोपाल उर्फ अक्की राजू (63) की मौत हो गई। उसकी मौत की पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी और नक्सली संगठन ने की है। नक्सलियों की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि अक्की राजू लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित था और उसका उपचार चल रहा था। डायलिसिस के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। छत्तीसगढ़ सरकार ने उसके ऊपर 50 लाख रुपए का इनाम रखा था।
सूत्रों के मुताबिक दक्षिण बस्तर यानी दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के सरहदी इलाके में नक्सली नेता अक्की राजू ने दम तोड़ा है। नक्सलियों के प्रवक्ता अभय की ओर से जारी किए गए पत्र में बताया गया है कि अक्कीराजू हरगोपाल की मौत 14 अक्टूबर की सुबह 6 बजे हुई है। उसके शव को दफना दिया गया है। अक्की राजू नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी का मेंबर था। उसकी शादी नक्सली सिरीशा से हुई थी। दोनों का एक बेटा भी था मुन्ना उर्फ पृथ्वी, जो कि साल 2018 में रामगुड़ा मुठभेड़ में मारा गया था।