Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

52 वीक के हाई पर SBI का स्टॉक, एक्सपर्ट को भरोसा- अभी और चढ़ेगा भाव, मार्केट कैप 5 लाख करोड़ के पार

नई दिल्ली

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने 5 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैपिटल को पार कर लिया है। एसबीआई यह मुकाम हासिल करने वाला तीसरा बड़ा बैंक है। इससे आगे अब एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक है। 

52 वीक हाई पर स्टॉक: बुधवार को एसबीआई का स्टॉक प्राइस 574.75 रुपये के स्तर तक गया। कारोबार के अंत में स्टॉक का भाव 571.60 रुपये रहा, जो एक दिन पहले के मुकाबले 2.39% की बढ़ोतरी को दिखाता है। वहीं, मार्केट कैपिटल 5.10 लाख करोड़ रुपये है। बता दें कि एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप लगभग 8.48 लाख करोड़ और 6.40 लाख करोड़ रुपये पर है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट: ब्रोकरेज जेएम फाइनेंशियल ने एसबीआई के स्टॉक को ‘बाय’ रेटिंग दी है। बीते 11 सितंबर को एक नोट में कहा, “हम लगातार बेहतर प्रदर्शन देख रहे हैं। बैंक ने पिछले 5 वर्षों में अपनी संपत्ति/देयता बाजार हिस्सेदारी की रक्षा की है। ब्रोकरेज ने एसबीआई के लिए 660 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा बाजार मूल्य से 15 फीसदी ऊपर का संकेत देता है।

साल-दर-साल आधार पर, एसबीआई के शेयरों में 14 सितंबर तक 24 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। वहीं, सेंट्रम ब्रोकिंग में एवीपी-डेरिवेटिव एंड टेक्निकल रिसर्च चार्टिस्ट नीलेश जैन भी 600 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ एसबीआई को खरीदने की सलाह दी है।