हैदराबाद
तेलंगाना की सत्ताधारी पार्टी टीआरएस ने हेटेरो ग्रुप के चेयरमैन बंदी पार्थ सारधी रेड्डी को अपना राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। वे भारत के सबसे अमीर सांसद बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नामांकन दाखिल करते समय, पार्थ सारधी रेड्डी की संपत्ति लगभग 3,909 करोड़ रुपये आंकी गई है और इसमें अगर उनके परिवार की भी संपत्ति जोड़ दी जाए तो यह 5,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। उनकी अधिकांश संपत्ति हेटेरो ग्रुप में शेयर और निवेश के तौर पर है।
2021 तक, सबसे अमीर सांसद बिहार के दिवंगत महेंद्र प्रसाद थे, जिनकी पत्नी और हिंदू अनडिवाइडेड फैमिली (HUF) के तहत 4,070 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति थी। जनता दल (यूनाइटेड) के राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद की 2021 में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने भी पार्थ सारधी रेड्डी की तरह ही दवा व्यवसाय के जरिए अपनी संपत्ति जुटाई थी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, महेंद्र प्रसाद की मृत्यु के बाद, वाईएसआर कांग्रेस से आंध्र प्रदेश के रामकी समूह के संस्थापक अल्ला अयोध्या रामी रेड्डी 2,577 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर सांसद बन गए।
वह टैग अब हेटेरो ग्रुप के संस्थापक के पास जाएगा। 3,858 करोड़ रुपये की चल संपत्ति में से करीब 3,407 करोड़ रुपये पार्थ सारधी रेड्डी के शेयर हैं। जबकि 1,249 करोड़ रुपये में से करीब 1,140 करोड़ रुपये उनकी पत्नी और 105 करोड़ रुपये एचयूएफ में हैं।