घरेलू शेयर बाजार बुधवार को मजबूती के साथ खुले, लेकिन उसने अपनी बढ़त को दोपहर बाद के सत्र में पूरी खो दिया। कारोबार बंद होने पर बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर से लगभग 400 पॉइंट नीचे रहा। सेंसेक्स 67 पॉइंट यानी 0.13% की कमजोरी के साथ 52,483 पॉइंट पर बंद हुआ।

BSE सेंसेक्स
एनएसई के 50 शेयरों वाला निफ्टी भी आज दिन के उच्चतम स्तर से लगभग 120 पॉइंट नीचे आ गया। यह सेंसेक्स से थोड़ी ज्यादा यानी 0.17% (27 पॉइंट) की कमजोरी के साथ 15,721 पॉइंट पर बंद हुआ। निवेशकों का ज्यादा ध्यान आज छोटे और मझोले शेयरों पर रहा। निफ्टी के मिड कैप में 0.26% और स्मॉल कैप इंडेक्स में 0.22% की मजबूती रही।
अगर सेक्टर इंडेक्स की बात करें, तो निफ्टी रियल्टी, मीडिया, FMCG में बिकवाली का भारी दबाव बना। मीडिया, बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल्टी इंडेक्स पर दबाव रहा। बाजार को अकेले IT शेयरों में खरीदारी का सपोर्ट मिला। निफ्टी IT में 0.63% की मजबूती आई।

निफ्टी सेक्टर इंडेक्स
यूरोपियन मार्केट में भारी बिकवाली का दबाव है। ब्रिटेन के FTSE में लगभग 0.7% की गिरावट आई है। फ्रांस के CAC में लगभग 1% की कमजोरी है। जर्मनी का DAX लगभग 1.20% टूट गया है। मंगलवार को ब्रिटेन के FTSE में 0.21%, जर्मनी के DAX में 0.88% और CAC में 0.14% की मजबूती आई थी।
इनवेस्ट19 के फाउंडर और सीईओ कौशलेंद्र सिंह सेंगर के मुताबिक, 2021 के पहले छह महीनों में बेंचमार्क इंडेक्स का प्रदर्शन दूसरे निवेश विकल्पों से बेहतर रहा है। वैसे पिछले कुछ कारोबारी से सीमित दायरे में घूम रहे इंडेक्स में आज तेज उछाल आने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।
निफ्टी 15,800 अंक के पास मजबूती के साथ खुलने के बाद चढ़ता चला गया। इंडेक्स 15,793 पॉइंट पर बने पिछले दिन के वैल्यू एरिया को पार करते हुए 15,838 पॉइंट के हाई तक गया। लेकिन जब यह पिछले दिन का हाई पार नहीं कर पाया तो फिर गिरावट शुरू होने पर यह आज की सारी बढ़त खोकर 15,708 के निचले लेवल तक आ गया।
निफ्टी में बना मंदी का पैटर्न मंदड़ियों को बाजार पर पकड़ बनाने को बढ़ावा दे रहा है। इसको देखते हुए गुरुवार को भी बाजार में कमजोर रह सकती है और निफ्टी के 15,728 के पास पहुंचने पर बिकवाली का मौका मिलेगा। दबाव बढ़ने पर यह 15,650 तक गिर सकता है।

सेंसेक्स में हाई वेटेज वाले शेयर
सेंसेक्स और निफ्टी को ऊपर खींचने वाले शेयरों में इन्फोसिस, RIL, टेक महिंद्रा, नेस्ले अल्ट्राटेक सीमेंट, कोल इंडिया, डिवीज लैब, SBI वगैरह रहे। इन पर श्री सीमेंट, UPL, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, ICICI बैंक, HDFC, NTPC, HUL वगैरह की वजह से दबाव बना।
मोतीलाल ओसवाल के (हेड-टेक्निकल & डेरिवेटिव्स रीसर्च) चंदन तापड़िया के मुताबिक, वायदा बाजार के सौदे बताते हैं कि इस महीने निफ्टी 15,500 से 16500 अंक के दायरे में रह सकता है। इस हफ्ते यह 15,600 से 15,900 पॉइंट के बीच ट्रेड करता नजर आ सकता है।
तापड़िया कहते हैं कि निफ्टी में पिछले दो सेशन से मंदी के रुझान वाला लोअर लो का पैटर्न बन रहा है। इंडेक्स 15,700 पॉइंट से ऊपर बना रहा तो 15,850 की तरफ बढ़ता नजर आएग। इस लेवल को पार करने के बाद निफ्टी 15,900 पॉइंट को छूने की कोशिश करेगा। गिरावट आने की सूरत में इसको पहले 15,600 और उसके बाद 15,500 पर सपोर्ट मिलेगा।https://www.bhaskar.com/__widgets__/iframe/2021/01/market-watch
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 186 अंक यानी 0.35% की गिरावट के साथ 52,550 अंक पर रहा था। निफ्टी 66 पॉइंट यानी 0.42% कमजोर होकर 15,748 पॉइंट पर बंद हुआ था। निफ्टी मिड कैप में 0.59% की गिरावट आई थी। निफ्टी स्मॉल कैप 0.23% फिसलकर बंद हुआ था।
वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में आज 0.33% का मामूली उछाल आया। यह उछाल बताता है कि अगले 30 दिनों में निफ्टी सालाना आधार पर कितना कमजोर हो सकता है। इस इंडेक्स में आये हल्के उछाल के मुताबिक बाजार में तेजी जारी रह सकती है। इसमें निचले स्तरों से बढ़ोतरी होना, बाजार में मजबूती कायम रहने के साथ हलचल बढ़ने का संकेत होता है। इसमें मंगलवार को 3% की गिरावट आई थी।
आज के वित्तीय नतीजे
आंध्र शुगर, BF यूटिलिटीज, BGR एनर्जी, DB रियल्टी और इरकॉन इंटरनेशनल के वित्तीय परिणाम आज आने वाले हैं।
FII और DII डेटा
NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, शुक्रवार 29 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 116 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर बेचे थे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयरों की खरीदारी की थी। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 1,810 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे।
एशिया में मिला-जुला रुझान

टॉप एशियन मार्केट्स
बुधवार को एशिया के अहम शेयर बाजारों में मिला-जुला रुझान रहा। जापान के निक्केई इंडेक्स में 0.08% की गिरावट आई। हांगकांग का हैंगसेंग 0.53% की कमजोरी के साथ बंद हुआ। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.50% का उछाल आया। कोरिया के कोस्पी में 0.30% की मजबूती रही। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरी में 0.26% की बढ़त रही।
अमेरिकी बाजारों में मजबूती
मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में मजबूती रही। डाओ जोंस 0.03% चढ़कर बंद हुआ था। नैस्डैक में 0.19% का उछाल आया। S&P 500 में भी 0.03% की मजबूती रही। यूरोपीय बाजारों में तेजी का दौर चला। ब्रिटेन के FTSE में 0.21%, जर्मनी के DAX में 0.88% और CAC में 0.14% की मजबूती आई।